चक्रवात का दिखेगा असर, इन राज्यों में बारिश का अलर्ट; जानें हामून तूफान की ताजा स्थिति
हामून चक्रवात बुधवार को ही बांग्लादेश के तट से टकरा चुका है। इसके बाद भी भारत के कुछ तटीय इलाकों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बंगाल की खाड़ी में बना हामून चक्रवात बुधवार को ही बांग्लादेश के तट से टकरा चुका है। हालांकि तट को पार करने से पहले ही चक्रवात काफी कमजोर हो गया। हालांकि मौसम विभाग ने कई राज्यों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। चटगांव तट से टकराने के दौरान हवाओं की गति 75 से 85 किलोमीटर प्रतिघंटे की थी। चक्रवात के तट से टकराने के दौरान भी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों पर बारिश हो रही थी। इसके अलावा इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की स्पीड से हवाएं चल रही थीं। इस चक्रवात से भारत के अन्य राज्य ज्यादा प्रभावित नहीं हुए।
मौसम विभाग ने यहां जारी किया बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 26 अक्टूबर को भी कुछ राज्यों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक नागालैंड, त्रिपुरा और मणिपुर में हल्की बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और अंडमान नीकोबार में भी हल्की बारिश की संभावना है। वहीं अगले पांच दिनों तक देश के बड़े हिस्से में मौसम शुष्क रहेगा। केरल और तमिलनाडु के तटों पर हल्की बारिश जारी रह सकती है। तमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून ने दस्तक देमदी है। हालांकि यह काफी कमजोर है।
ओडिशा के तट से दूर से ही गुजरा चक्रवात
मौसम विभाग ने पहले भी कहा था कि इस चक्रवात का असर ओडिशा पर नहीं पड़ने वाला है। चक्रवात हामून ओडिशा तट से 200 किलोमीटर दूर से ही गुजर गया। ऐसे में ओडिशा के तट पर हल्की बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं। इसके अलावा ओडिशा पर तूफान को कोई असर नहीं पड़ा है।
बांग्लादेश में दो की मौत
बता दें कि हामून चक्रवात का नाम ईरान ने दिया था। चक्रवात को देखते हुए ओडिशा के कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया था। इसके अलावा गुजरात में भी सूरत प्रशासन ने लोगों को निचले इलाके से निकलने को कह दिया था। मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवात के गुजरने के दो दिन बाद तक हल्की बारिश हो सकती है। बांग्लादेश में इस तूफान की वजह से दो लोगों की मौत की रिपोर्ट है।