Hindi Newsदेश न्यूज़Gujarat Himachal Pradesh Election Result 2022 Sachin Pilot Ashok Gehlot Pramod Krishnam

युवा नेता पायलट हिमाचल के ऑब्जर्वर थे, जबकि अनुभवी गहलोत गुजरात के; प्रियंका गांधी के करीबी नेता ने कसा तंज

दोनों राज्यों के चुनावी नतीजों के आने के बाद कांग्रेस नेता आचार्य कृष्णम ने ट्वीट किया, ''युवा नेता सचिन पायलट हिमाचल प्रदेश के ऑब्जर्वर थे और हमारे अनुभवी नेता अशोक गहलोत जी गुजरात के।''

Madan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 8 Dec 2022 06:00 PM
share Share

Election Result 2022: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के करीबी नेताओं में शामिल प्रमोद कृष्णम ने हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजों पर टिप्पणी की। उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तंज कसते हुए सचिन पायलट की तारीफ की। मालूम हो कि कृष्णम लंबे समय से सचिन पायलट के समर्थक रहे हैं और राजस्थान में नेतृत्व परिवर्तन करने की खुलकर मांग भी कर चुके हैं।

दोनों राज्यों के चुनावी नतीजों के आने के बाद कांग्रेस नेता आचार्य कृष्णम ने ट्वीट किया, ''युवा नेता सचिन पायलट हिमाचल प्रदेश के ऑब्जर्वर थे और हमारे अनुभवी नेता अशोक गहलोत जी गुजरात के। आगे मुझे कुछ नहीं कहना है।'' बता दें कि गुजरात चुनाव के लिए कांग्रेस ने दिग्गज नेता अशोक गहलोत को कमान सौंपी थी। पार्टी ने उन्हें सीनियर ऑब्जर्वर बनाया था, जबकि राजस्थान के ही रघु शर्मा को राजस्थान का प्रभारी बनाया गया था। दूसरी ओर सचिन पायलट हिमाचल प्रदेश के ऑब्जर्वर बने थे। उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ मिलकर कई रैलियों को संबोधित किया था।

दोनों राज्यों के क्या रहे चुनावी नतीजे?
गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बुरी हार का सामना करना पड़ा है। बीजेपी ने प्रदेश में सबसे ज्यादा सीटें जीतते हुए इतिहास रच दिया है। गुरुवार शाम तक बीजेपी 156 सीटों पर बढ़त बना चुकी थी, जबकि कांग्रेस सिर्फ 17 सीटों पर ही आगे चल रही। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश की बात करें तो यहां कांग्रेस की वापसी हो रही है। कांग्रेस 39 सीटों पर आगे है, जबकि बीजेपी को 26 सीटों पर बढ़त है। तीन सीटें अन्य के खाते में जाने की संभावना है।

'हिमाचल में हर वादा जल्द से जल्द निभाएंगे'
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत पर प्रदेश की जनता का धन्यवाद करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि जनता से किया हर वादा जल्द से जल्द निभाया जाएगा। उन्होंने ट्वीट किया, ''हिमाचल प्रदेश की जनता को इस निर्णायक जीत के लिए दिल से धन्यवाद। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को हार्दिक बधाई। आपका परिश्रम और समर्पण इस विजय की शुभकामनाओं का असली हकदार है।''

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें