गुजरात में बीजेपी की जीत वाले Exit Poll को कांग्रेस ने किया खारिज, जयराम बोले- जानते हैं इसे कौन करवाता है
Gujarat Exit Poll 2022: कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, ''यह एग्जिट पोल के एग्जिट होने का समय है। एग्जिट पोल पर आधारित सवाल अनुचित हैं। हम जानते हैं कि ये पोल कौन करवाता है।''

Gujarat Exit Poll 2022: गुजरात, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली नगर निगम में हुए मतदान के बाद एग्जिट पोल सामने आ गए हैं। गुजरात में बीजेपी की बड़ी जीत का अनुमान है, जबकि दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी और हिमाचल प्रदेश में बीजेपी व कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर होती हुई दिखाई दे रही है। कांग्रेस ने एग्जिट पोल्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि यह ऐसा समय है, जब एग्जिट पोल्स को एग्जिट हो जाना चाहिए। जयराम रमेश मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कन्हैया कुमार के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, जिस दौरान उन्होंने एग्जिट पोल पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा, 'यह एग्जिट पोल के एग्जिट होने का समय है। एग्जिट पोल पर आधारित सवाल अनुचित हैं। हम जानते हैं कि ये पोल कौन करवाता है, किसके प्रभाव में और क्यों कराए जाते हैं। मैं इन एग्जिट पोल पर विश्वास नहीं करता।'' सभी एग्जिट पोल्स ने गुजरात में बीजेपी के लगातार सातवीं बार सरकार बनाने का अनुमान जताया है। पार्टी को 117-151 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, कांग्रेस के लिए 16-51 सीटों का अनुमान है। आम आदमी पार्टी भी 2 से 13 सीटों तक जीतने में कामयाब रह सकती है।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व फायरब्रांड छात्र नेता कन्हैया कुमार ने भी एग्जिट पोल को खारिज करते हुए कहा, "मैंने यह दावा नहीं किया है कि बीजेपी गुजरात में बहुमत से नहीं जीतेगी, और न ही मैंने कहा है कि कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी। हमने देखा है कि हमारे लोकतांत्रिक संस्थानों को अक्षम किया जा रहा है और गुजरात के लोगों की चिंताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।"
राजस्थान में कांग्रेस के नेताओं के बीच पड़ी दरार के बारे में बात करते हुए, कुमार ने मजाकिया टिप्पणी करते हुए कहा, ''देखिए, जब आप एक राजनीतिक दल में होते हैं, तो ऐसा लगता है जैसे कई बर्तन एक साथ व्यवस्थित किए जाते हैं। कुछ बर्तनों का आपस में टकराना तय है जो आपके घर में भी होता है।'' नवंबर में, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस नेता सचिन पायलट के बीच अनबन की खबरों को खारिज कर दिया था।
पूर्व जेएनयू छात्र नेता ने भी बिलकिस बानो मामले को उठाया और कहा, ''वे चुनाव जीत रहे हैं लेकिन फिर क्या बिलकिस बानो के बलात्कारियों को गुणी पुरुष कहना सही है? क्या यह सही है? उन्हें जाकर अपनी बेटियों से पूछना चाहिए कि क्या बलात्कारी को गुणवान कहना सही है। चुनावों के बावजूद सही और गलत के बीच अंतर करना महत्वपूर्ण है।'' 'भारत जोड़ो यात्रा' आठ राज्यों को कवर करते हुए 90 दिनों के लिए पूरे भारत में यात्रा कर रही है। वर्तमान में राजस्थान के कोटा में यात्रा को जम्मू और कश्मीर के अपने अंतिम गंतव्य तक लगभग 1000 किमी की दूरी तय करनी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।