Hindi Newsदेश न्यूज़good news for bjp before lok sabha elections 2024 tipra motha to join bjp lead tripura government - India Hindi News

लोकसभा चुनाव से पहले इस राज्य से भी बीजेपी को खुशखबरी, विपक्ष ने मिलाया हाथ

लोकसभा चुनाव से पहले पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा से भाजपा को खुशखबरी मिली है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने बताया कि राज्य के मुख्य विपक्षी दल टिपरा मोथा ने सरकार में आने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।

Gaurav Kala पीटीआई, अगरतलाWed, 6 March 2024 02:56 PM
share Share

लोकसभा चुनाव से पहले पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा से भाजपा को खुशखबरी मिली है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने आज कहा कि त्रिपुरा की मुख्य विपक्षी पार्टी टिपरा मोथा लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होगी। नेता ने कहा कि 60 सदस्यीय विधानसभा में टिपरा मोथा के 13 विधायक हैं। टिपरा मोथा को त्रिपुरा सरकार में 2 मंत्री पद भी मिल सकते हैं।

त्रिपुरा में यह नाटकीय घटनाक्रम राज्य के स्वदेशी लोगों के सभी मुद्दों को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने के लिए नई दिल्ली में टिपरा मोथा, त्रिपुरा सरकार और केंद्र के बीच एक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने के कुछ दिनों बाद आया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्य ने कहा, "टिपरा मोथा संसदीय चुनाव से पहले भाजपा-आईपीएफटी गठबंधन सरकार में शामिल होने के लिए तैयार हैं। मंत्रियों के शपथ ग्रहण की तारीख अभी तय नहीं हुई है।"

फिलहाल सरकार में मुख्यमंत्री माणिक साहा समेत नौ मंत्री हैं। नियम के मुताबिक राज्य में मुख्यमंत्री समेत 12 मंत्री हो सकते हैं।

विपक्षी दल है टिपरा मोथा
विधानसभा में विपक्ष के नेता और टिपरा मोथा के अनिमेष देबबर्मा ने संवाददाताओं से कहा कि वह इस मुद्दे पर बोलने के लिए "आधिकारिक तौर पर अधिकृत नहीं हैं"। त्रिपुरा राजघराने के वंशज टिपरा मोथा प्रमुख प्रद्योत देबबर्मा अभी दिल्ली में हैं। अनिमेष देबबर्मा ने कहा, "उनका गुरुवार सुबह दिल्ली से लौटने का कार्यक्रम है। फिर, उनके मुख्यमंत्री के साथ बैठने की संभावना है।"

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में 2 फरवरी को टिपरा मोथा के साथ त्रिपक्षीय समझौते के तहत त्रिपुरा के इतिहास, भूमि और राजनीतिक अधिकारों, आर्थिक विकास, पहचान, संस्कृति और भाषा से संबंधित मुद्दों को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने पर सहमति व्यक्त की गई थी। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें