Hindi Newsदेश न्यूज़Donations to national parties plunged 41 49 percent in 2020-21 against previous year: ADR - India Hindi News

कोरोना ने राजनीतिक दलों को बनाया 'गरीब', बीजेपी के चंदे में 41.49 फीसदी की कमी; कांग्रेस को भी नुकसान

कोरोना काल की शुरुआत में राजनीति दलों को मिलने वाले चंदे में बढ़ोतरी दर्ज हुई थी लेकिन उसके बाद चंदे में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिली है। एडीआर ने इस पर विस्तृत रिपोर्ट पेश की है।

Ashutosh Ray पीटीआई, नई दिल्लीThu, 14 July 2022 09:40 PM
share Share
Follow Us on
कोरोना ने राजनीतिक दलों को बनाया 'गरीब', बीजेपी के चंदे में 41.49 फीसदी की कमी; कांग्रेस को भी नुकसान

देश में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को मिलने वाले चंदे में कमी देखने को मिली है। इन दलों में केंद्र की सत्ताधारी पार्टी बीजेपी भी शामिल है जिसको मिलने वाले चंदे में गिरावट दर्ज हुई है। साल 2020-21 में मिले चंदे में इससे पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 420 करोड़ रुपए से अधिक की गिरावट आई है जो 41.49 प्रतिशत है। चुनावों से संबंधित विश्लेषण करने वाले समूह एडीआर ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। वित्त वर्ष 2020-21 के शुरू होने से कुछ दिन पहले ही कोविड महामारी की पहली लहर आई थी और देशभर में लॉकडाउन लगाया गया था।

द एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने एक बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चंदे में 39.23 प्रतिशत की गिरावट आई जो 2019-20 में 758.77 करोड़ रुपए से गिरकर 2020-21 में 477.54 करोड़ रुपए रह गया। इससे पहले 2018-19 की तुलना में 2019-20 में पार्टी को मिलने वाला चंदा 5.88 प्रतिशत बढ़ गया था।

कांग्रेस के चंदे में भी गिरावट

कांग्रेस को मिले चंदे में 46.39 प्रतिशत की गिरावट आई जो 2019-20 में 139.016 करोड़ रुपए से गिरकर 2020-21 में 74.524 करोड़ रुपए रह गया। बयान के अनुसार 2018-19 से 2019-20 के बीच कांग्रेस का चंदा 6.44 प्रतिशत घट गया था। राष्ट्रीय दलों को दिल्ली से कुल 246 करोड़ रुपए, महाराष्ट्र से 71.68 करोड़ रुपए तथा गुजरात से 47 करोड़ रुपए से अधिक का चंदा मिला था।

ये हैं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल

भाजपा, बहुजन समाज पार्टी (बसपा), कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी (माकपा), तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और नेशनल पीपल्स पार्टी देश के आठ मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय दल हैं। कॉरपोरेट और व्यावसायिक क्षेत्र ने राष्ट्रीय दलों को 480.655 करोड़ रुपए का दान दिया, जो कुल दान का 80 प्रतिशत से अधिक था, जबकि 2,258 व्यक्तिगत दाताओं ने वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान इन पार्टियों को कुल 111.65 करोड़ रुपए या 18.804 प्रतिशत का योगदान दिया। 

बीजेपी को 1100 से अधिक दान मिले

कॉरपोरेट और व्यावसायिक क्षेत्र से 1,100 से अधिक दान भाजपा को मिले (416.794 करोड़ रुपए), जबकि 1,071 व्यक्तिगत दानदाताओं ने वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान पार्टी को 60.37 करोड़ रुपए दिए। वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान कांग्रेस को कॉरपोरेट क्षेत्र से 146 दान के माध्यम से कुल 35.89 करोड़ रुपए और 931 व्यक्तिगत दाताओं के माध्यम से 38.634 करोड़ रुपए प्राप्त हुए।

अगला लेखऐप पर पढ़ें