कमजोर पड़ा ‘तेज’, चक्रवाती तूफान हमून का क्या हाल; मौसम विभाग ने दी लेटेस्ट अपडेट
मौसम विभाग ने हमून चक्रवात को लेकर मंगलवार को ताजा जानकारी दी है। इसके मुताबिक यह भीषण चक्रवात अभी उत्तरी पश्चिमी और उससे जुड़े उत्तरी पूर्वी बंगाल की खाड़ी में है। यह बुधवार को बांग्लादेश से टकराएगा।

मौसम विभाग ने हमून चक्रवात को लेकर मंगलवार को ताजा जानकारी दी है। इसके मुताबिक यह भीषण चक्रवात अभी उत्तरी पश्चिमी और उससे जुड़े उत्तरी पूर्वी बंगाल की खाड़ी में है। मौसम विभाग के मुताबिक हमून चक्रवात कल शाम से लेकर आज तक में भीषण चक्रवात में तब्दील हो चुका है। आने वाले समय में इसकी इंटेंसिटी और ज्यादा बढ़ेगी। यह चक्रवात कल यानी बुधवार को बांग्लादेश से टकराएगा। उस वक्त हवाएं 65 से 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। वहीं, एक अन्य चक्रवात तेज, आज सुबह यमन में प्रवेश कर चुका है। इसको लेकर अनुमान है कि यह अगले कुछ घंटों के बाद कमजोर पड़ जाएगा।
यहां होगी भारी बारिश
इसके चलते नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के साथ-साथ असम के दक्षिणी भाग में आज और कल भारी वर्षा की चेतावनी भी दी गई है। इसके अलावा हवाएं भी यहां 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। हालांकि उत्तर-पूर्व भारत के लिए कोई चेतावनी नहीं दी गई है। उधर तमिलनाडु और केरल में अगले 24 घंटे तक एक्टिविटी रहेगी, जहां भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा देश में किसी अन्य तरह की चेतावनी नहीं है। इससे पहले दी गई चेतावनी में बताया गया था कि इससे ओडिशा में कोई बड़ा प्रभाव पड़ने की आशंका नहीं है। वजह, यह करीब 200 किलोमीटर की दूरी से राज्य के तट को पार करेगा।
सुबह थी ऐसी जानकारी
आईएमडी के पूर्व में जारी बुलेटिन के मुताबिक हमून मंगलवार सुबह 5.30 बजे पारादीप (ओडिशा) से लगभग 230 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व, दीघा (पश्चिम बंगाल) से 240 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व, खेपुपारा (बांग्लादेश) से 280 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम और चटगांव (बांग्लादेश) से 410 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि समुद्र से गुजरने वाला चक्रवात ओडिशा तट से लगभग 200 किलोमीटर दूर रहेगा। इसलिए राज्य के तटीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के अलावा वहां कोई बड़ा प्रभाव पड़ने की आशंका नहीं है।