Congress Jairam Ramesh targets Kiren Rijiju statement northeast Lok Sabha - India Hindi News 'कितने मंत्री मणिपुर गए?', किरेन रिजीजू के पूर्वोत्तर दौरे के दावे पर कांग्रेस ने मांगी लिस्ट, India Hindi News - Hindustan
Hindi NewsIndia NewsCongress Jairam Ramesh targets Kiren Rijiju statement northeast Lok Sabha - India Hindi News

'कितने मंत्री मणिपुर गए?', किरेन रिजीजू के पूर्वोत्तर दौरे के दावे पर कांग्रेस ने मांगी लिस्ट

अविश्वास प्रस्ताव पर केंद्रीय मंत्री रिजीजू ने कहा कि यह गलत समय पर और गलत तरीके से लाया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पूर्वोत्तर क्षेत्र को मुख्यधारा में लाने का काम किया है।

Niteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 8 Aug 2023 08:15 PM
share Share
Follow Us on
'कितने मंत्री मणिपुर गए?', किरेन रिजीजू के पूर्वोत्तर दौरे के दावे पर कांग्रेस ने मांगी लिस्ट

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू की ओर से लोकसभा में दिए गए बयान को लेकर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि केंद्र सरकार के कितने मंत्रियों ने मणिपुर का दौरा किया? दरअसल, लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई की ओर से सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। इस पर चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री रिजीजू ने कहा कि यह प्रस्ताव गलत समय पर और गलत तरीके से लाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने पूर्वोत्तर क्षेत्र को मुख्यधारा में लाने का काम किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मणिपुर की स्थिति आज पैदा नहीं हुई है बल्कि यह चिंगारी वर्षों पहले की है। उन्होंने भाजपा नीत सरकार आने के बाद पूर्वोत्तर के विकास और इस क्षेत्र में अलगाववाद को रोकने के लिए उठाए जाने वाले कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षो में पूर्वोत्तर में चरमपंथी, उग्रवादी गुटों से संबंधित 8 हजार से अधिक लोगों ने आत्मसमर्पण किया, इस क्षेत्र में अपहरण की घटनाओं में 81 प्रतिशत की कमी आई और अलगाववाद की घटनाओं में 76 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

'हर 15 दिन में पूर्वोत्तर का दौरा करेंगे मंत्री'
सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान रिजीजू ने कहा, 'जब हमारी सरकार बनी तो पहली कैबिनेट मीटिंग में पीएम मोदी ने एक ग्रुप बनाया। उन्होंने कहा कि हर 15 दिन में 5 कैबिनेट मंत्री और 7 राज्य मंत्रियों को पूर्वोत्तर का दौरा करना चाहिए। यह अभी भी चल रहा है, यहां बैठे सभी मंत्रियों ने पूर्वोत्तर का दौरा किया है।' उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने अधिकारियों को पूर्वोत्तर का दौरा करने और लोगों से मिलने का भी निर्देश दिया। रिजीजू ने कहा, 'दिल्ली से शासन करने का कोई मतलब नहीं है, सेवा के जरिए ही लोगों तक पहुंचा जा सकता है। आपने इस बारे में कभी नहीं सोचा। प्रधानमंत्री ने लोगों का विश्वास जीता है।'

जयराम रमेश ने पूछा- मोदी के कितने मंत्री गए मणिपुर?
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट किया, 'लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने कैबिनेट मंत्रियों और राज्य मंत्रियों को हर 15 दिनों में पूर्वोत्तर का दौरा करने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा निर्देश दिए जाने का दावा किया है। हां, किसी भी चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्रियों के दौरे के बढ़ने के बारे में हम सभी जानते हैं। लेकिन, मणिपुर में भड़की भीषण जातीय हिंसा को 97 दिन हो गए हैं। 'इंडिया' पूछता है कि मोदी के कितने मंत्री मणिपुर गए हैं?' जयराम रमेश ने कहा कि हम आपको (रिजीजू) पिछले 97 दिनों में केंद्रीय मंत्रियों की मणिपुर यात्राओं की जानकारी देने की चुनौती देते हैं!
(एजेंसी इनपुट के साथ)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।