Hindi Newsदेश न्यूज़congress appoints AICC secretaries in every district one third from priyanka team htgp - India Hindi News

हिमाचल चुनाव: हर जिले में AICC सचिवों की नियुक्ति, प्रियंका गांधी की टीम से एक तिहाई

खास बात यह है कि इन सचिवों में से एक तिहाई प्रियंका गांधी की टीम से हैं। यह इस बात का संकेत है कि प्रियंका गांधी इस बार हिमाचल में सत्ता में वापसी को लेकर मिशन पर हैं।

Gaurav लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीSun, 22 May 2022 04:21 AM
share Share

आखिरकार हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की टीम सक्रिय हो चुकी है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने प्रदेश के हर जिले में एक राष्ट्रीय सचिव नियुक्त करने का फैसला किया है। खास बात यह है कि इन सचिवों में से एक तिहाई प्रियंका गांधी की टीम से हैं। यह इस बात का संकेत है कि प्रियंका गांधी इस बार हिमाचल में सत्ता में वापसी को लेकर मिशन पर हैं। इससे पहले कांग्रेस ने हाल ही में अपने नए प्रदेश अध्यक्ष का भी ऐलान किया है।

दरअसल, चुनाव से पहले हिमाचल प्रदेश के बारह जिलों में सचिवों के रूप में जिन नेताओं को कमान मिली है उनमें दीपिका पांडे, चंदन यादव, राजेश तिवारी, रोहित चौधरी, धीरज गुर्जर, प्रदीप नरवाल, विकास उपाध्याय, विजय सिंगला, चेतन चौहान जैसे चेहरे शामिल हैं। जिन युवा नेताओं को प्राथमिकता दी गई है उनमें आधे से ज्यादा हाल के चुनावी राज्यों में जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय में इन सभी नेताओं की संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रभारी राजीव शुक्ला ने बैठक कर जरूरी निर्देश दिए हैं। बैठक में मौजूद नेताओं में से एक ने न्यूज एजेंसी को बताया कि यह एक प्रारंभिक बैठक थी, लेकिन उन्हें बूथ प्रबंधन और बूथ समितियों को तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा गया है, जिन्हें चुनाव जीतने के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके अलावा जून में शिमला में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाने की भी योजना बनाई जा रही है। 

हाल ही में हिमाचल विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने मंडी से सांसद और दिवंगत पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रतिभा सिंह को चार सहयोगी नेता भी दिए गए हैं जो उनकी मदद करेंगे। विधायक दल के नेता के तौर पर कांग्रेस ने मुकेश अग्निहोत्री पर ही भरोसा जताया है जो चार बार से विधायक हैं। वहीं वरिष्ठ नेता हर्षवर्धन चौहान को पार्टी ने विधायक दल के डिप्टी के तौर पर चुना है। इसके अलावा पार्टी ने पूर्व राज्य ईकाई अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुखू को राज्य में चुनाव प्रचार समिति का चेयरमैन नियुक्त किया है। 

इसके अलावा उन्हें ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की सक्रीनिंग कमेटी का भी सदस्य बनाया गया है जो चुनाव के दौरान उम्मीदवारों के चुनाव का फैसला करेगी। कांग्रेस ने राज्यसभा में कांग्रेस के पूर्व उप नेता आनंद शर्मा को स्क्रीनिंग कमेटी का प्रमुख बनाया है। इस कमेटी में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की पंजाब ईकाई की पूर्व इंचार्ज और वरिष्ठ विधायक आशा कुमार संयोजक की भूमिका में होंगी। इनके अलावा धनी राम शांडिल और निवर्तमान राज्य इकाई के प्रमुख कुलदीप राठौर समेत दस लोगों को इस पैनल में रखा गया है जो टिकट बंटवारे का फैसला करेंगे। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें