Notification Icon
Hindi Newsदेश न्यूज़Avoid rumors and superstition 10 big things about PM Narendra Modi speech on Corona virus

अफवाहों और अंधविश्वास से बचें: कोरोना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें

कोरोना वायरस को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सप्ताह में दूसरी बार देश को संबोधित किए। देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना महामारी को रोकने के लिए आज रात 12 बजे से तीन सप्ताह के...

Ashutosh Ray लाइव हिन्दुस्तान टीम, नई दिल्लीTue, 24 March 2020 03:22 PM
share Share

कोरोना वायरस को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सप्ताह में दूसरी बार देश को संबोधित किए। देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना महामारी को रोकने के लिए आज रात 12 बजे से तीन सप्ताह के लिए पूरे देश में लॉकडाउन रहेगा। देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि तमाम तैयारियां और प्रयासों के बावजूद चुनौती बढ़ती जा रही है। सभी देशों के दो महीने के अध्ययन से निष्कर्ष निकल रहा है कि इस वैश्विक महामारी से प्रभावी मुकाबले के लिए एकमात्र विकल्प है सोशल डिस्टेंसिंग यानी एक दूसरे से दूर रहना। अपने घर में ही बंद रहना। कोरोना से बचने का इसके अलावा कोई रास्ता नहीं है। कोरोना को फैलने से रोकना है तो उसके संक्रमण के साइकल को तोड़ना होगा। पढ़ें पीएम मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन की 10 बड़ी बातें-

1- कुछ लोग इस गलतफहमी में हैं कि सोशल डिस्टेंसिंग केवल मरीजों के लिए जरूरी है। यह सोचना सही नहीं है। सोशल डिस्टेंसिंग हर नागरिक और सदस्य केलिए है। प्रधानमंत्री के लिए भी है। कुछ लोगों की लापरवाही कुछ लोगों की गलत सोच आपको आपके बच्चों को आपके दोस्तों को आगे चलकर पूरे देश को बहुत बड़ी मुश्किल में झोंक देगी। अगर ऐसी लापरवाही जारी रही तो भारत को इसकी बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है। इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। 

2- पिछले दो दिनों से देश के अनेक भागों में लॉकडाउन कर दिया गया है। राज्य सरकार के इन प्रयासों को बहुत गंभीरता से लेना चाहिए। हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह और दूसरे देशों के अनुभव के आधार पर देश बहुत बड़ा फैसला करने जा रहा है। आज रात 12 बजे से पूरे देश में संपूर्ण लॉकडाउन किया जा रहा है।

3- हिंदुस्तान को और हिंदुस्तान के हर नागरिक को बचाने के लिए आज रात से घरों से निकलने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया जा रहा है। हर जिले हर गांव को लॉकडाउन किया जा रहा है। यह कर्फ्यू ही है। जनता कर्फ्यू से आगे की बात, जनता कर्फ्यू से कठोर। यह बहुत आवश्यक है। 

4- इस लॉकडाउन की एक आर्थिक कीमत देश को चुकानी होगी। लेकिन एक एक भारतीय के जीवन को बचाना मेरी, भारत सरकार की हर राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। मेरी आपसे प्रार्थना है। मैं हाथ जोड़कर प्रार्थना करता हूं कि आप इस समय देश में जहां भी हैं वहीं रहें। अभी के हालात को देखते हुए देश में यह लॉकडाउन 21 दिन का होगा।

5- पिछली बार मैंने आपसे कहा था मैं आपसे कुछ मांगने आया हूं। आने वाले 21 दिन हर परिवार हर नागरिक के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो कोरना वायरस के चेन के तोड़ने के लिए 21 दिन बहुत महत्वपूर्ण है। यदि यह 21 दिन नहीं संभले तो देश और आपका परिवार 21 साल पीछे चले जाएंगे।

6- कई परिवार तबाह हो जाएंगे। यह बात मैं पीएम के तौर पर नहीं आपके घर के सदस्य के रूप में बोल रहा हूं। बाहर निकलना क्या होता है 21 दिन के लिए भूल जाएं। घर में ही रहें। आज के फैसले ने आपके घर के दरवाजे पर लक्ष्मण रेखा खींच दी है। आपको याद रखना है कि घर के बाहर आपका एक कदम कोरोना को आपके घर में ला सकता है। 

7- आपको याद रखना है कि कई बार कोरोना से  संक्रमित व्यक्ति स्वस्थ लगता है. वह संक्रमित है यह पता ही नहीं चलता है। इसलिए एहतियात बरतनी है। जो लोग घर में है वे सोशल मीडिया पर नए नए तरीके से इस बात को बता रहे हैं एक बैनर जो मुझे पसंद आया मैं आपको दिखा रहा हूं।

8- वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन की रिपोर्ट के मुताबिक एक संक्रमित व्यक्ति हफ्तेभर में सैकड़ों लोगों को संक्रमित करता है। यह आग की तरह फैलता है। एक और आंकड़ा महत्वपूर्ण है। दुनिया में कोरोना से संक्रमित व्यक्तियों की संख्या एक लाख पहुंचने में 67 दिन लगे इसके बाद 11 दिन में 2 लाख हो गए।

9- यह और भी भयावह है कि 2 लाख से 3 लाख होने में सिर्फ चार दिन लगे। आप अंदाजा लगा सकते हैं कि  कोरोना वायरस कितनी तेजी से फैलता है। जब यह फैलना शुरू करता है तो इसे रोकना बहुत मुश्किल होता है। यही वजह है कि चीन अमेरिका फ्रांस जर्मनी, फ्रांस, इटली जापान जैसे अनेक देशों में जब कोरोना ने फैलना शुरू किया तो हालाता बेकाबू हो गए।

10- इटली हो या अमेरिका इन देशों की स्वास्थ्य सेवा उनके हॉस्पिटल पूरी दुनिया में बेहतरीन है इसके बावजूद ये देश कोरोना का प्रभाव नहीं कम कर पाए। इस स्थिति में उम्मीद की किरण क्या है, विकल्प क्या है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें