Hindi Newsदेश न्यूज़Anandiben Patel: Uttar pradesh gets women Governor after 70 years

आनंदीबेन पटेल: यूपी को 70 साल बाद मिली महिला राज्यपाल

कोई 70 साल पहले सरोजिनी नायडू यूपी की पहली महिला राज्यपाल बनी थीं। अब यूपी को दूसरी महिला राज्यपाल के रूप में आनंदीबेन पटेल मिली हैं। यह अलग बात है कि उस वक्त वर्तमान यूपी का नाम यूनाइटेड प्राविंस...

लखनऊ। विशेष संवाददाता Sun, 21 July 2019 02:50 AM
share Share

कोई 70 साल पहले सरोजिनी नायडू यूपी की पहली महिला राज्यपाल बनी थीं। अब यूपी को दूसरी महिला राज्यपाल के रूप में आनंदीबेन पटेल मिली हैं। यह अलग बात है कि उस वक्त वर्तमान यूपी का नाम यूनाइटेड प्राविंस था। 

स्वतंत्रता सेनानी सरोजनी नायडू 15 अगस्त 1947 को प्रदेश की राज्यपाल बनीं। वह इस पद पर 2 मार्च 1949 तक रहीं। तब के बाद अब जाकर यूपी में एक महिला राज्यपाल बनने जा रही हैं। यूपी का मुख्यमंत्री बनने का अवसर भी दो महिलाओं सुचेता कृपलानी व मायावती को ही मिला है। 

जहां तक राज्यपालों की बात है यूपी में अब तक 33 राज्यपाल हुए हैं। आनंदीबेन पटेल 34 वीं राज्यपाल होंगी। यूनाइटेड प्राविंस के समय में सर हरकोर्ट बटलर, सर विलियम एस. मैरिस, सर अलेक्जेंडर फिलिप्स, सर विलियम मैकहोम हैली, सर हैरी ग्राहम हैग, सर मार्स गैमियर हैलेट और सर फ्रांसिस वेमर ये सभी आजादी के पूर्व तक राज्यपाल रहे। आजादी के बाद सरोजिनी नायडू और जस्टिस बीबी मलिक यूनाइटेड प्राविंस के राज्यपाल रहे। 

यूनाइटेड प्राविंस से नाम बदलकर उत्तर प्रदेश होने पर एचपी मोदी, कन्हैया लाल मणिकलाल मुंशी, वीवी गिरी, डा. बी.रामकृष्ण राव, विश्वनाथ दास, डा.बीजी रेड्डी, जस्टिस शशिकांत वर्मा, अकबर अली खान, डा.एम.चेन्ना रेड्डी, जीडी तपासे, सीपीएन सिंह, मोहम्मद उस्मान आरिफ, बी.सत्यनारायण रेड्डी, मोती लाल वोरा, मोहम्मद शफी कुरैशी, रोमेश भंडारी, सूरजभान, विष्णुकांत शास्त्री, सुदर्शन अग्रवाल, टीवी राजेश्वर, बीएल जोशी और अजीज कुरैशी यहां के राज्यपाल बने। इस समय राम नाईक यूपी के 33वें राज्यपाल हैं।

गुजरात से यूपी का खास नाता 
यूपी का गुजरात से खास नाता है। आजादी के बाद यूपी नाम होने पर यहां के पहले राज्यपाल केएम मुंशी का भी गुजरात से नाता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गुजरात से हैं और यूपी के वाराणसी से सांसद हैं। इस तरह आंनदीबेन पटेल के राज्यपाल पद नियुक्त होने से  गुजरात से यूपी का रिश्ता और गहरा हो गया है। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें