Notification Icon
Hindi Newsदेश न्यूज़Sourav Ganguly Take On Kolkata Rape Horror said Punishment Should Be Harsh

सजा ऐसी होनी चाहिए कि... कोलकाता बलात्कार कांड पर सौरव गांगुली ने की मांग; पहले के बयान पर दी सफाई

  • पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने इस घटना की निंदा की और कहा कि दोषी को कड़ी सजा होनी चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे पर अपने पहले के बयानों को फिर से स्पष्ट किया।

Amit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाताSat, 17 Aug 2024 12:29 PM
share Share

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कोलकाता के अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। बता दें कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक डॉक्टर के बलात्कार-हत्या मामले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। पूरे देश में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के तहत अब इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है। शुक्रवार को सीबीआई के एक अधिकारी ने कहा, "हमने कम से कम 30 संदिग्धों की पहचान की है और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।"

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने इस घटना की निंदा की और कहा कि दोषी को कड़ी सजा होनी चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे पर अपने पहले के बयानों को फिर से स्पष्ट किया। दरअसल कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा है कि गांगुली ने इसे 'एक बार की घटना' कहा था। कोलकाता से ताल्लुक रखने वाले पूर्व भारतीय स्टार ने कहा कि उनकी टिप्पणियों को गलत तरीके से पेश किया गया।

सौरव गांगुली ने संवाददाताओं से कहा, "मैंने पिछले रविवार को कहा था, मुझे नहीं पता कि इसे कैसे समझा गया या इसकी व्याख्या की गई। मैंने पहले भी कहा है, यह एक भयानक घटना है। अब सीबीआई, पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो कुछ हुआ है वह बहुत शर्मनाक है। मुझे उम्मीद है कि मामले की जांच कर रही सीबीआई को जब अपराधी मिल जाएगा तो उसे सख्त सजा दी जानी चाहिए। सजा ऐसी होनी चाहिए कि कोई भी अपने जीवन में दोबारा ऐसा अपराध करने की हिम्मत न करे। यह महत्वपूर्ण है। सजा कड़ी होनी चाहिए।"

इससे पहले कोलकाता में गांगुली ने एक कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि एक बेटी का पिता होने के नाते वह इस घटना से बहुत दुखी हैं। उन्होंने हालांकि, कहा कि पश्चिम बंगाल और भारत को सुरक्षित माना जाता है और किसी एक घटना के आधार पर पूरी व्यवस्था पर कोई फैसला नहीं किया जाना चाहिए। गांगुली ने कहा, "यह एक जघन्य घटना है। इस तरह के अपराध के लिए कोई माफी नहीं हो सकती।" उन्होंने कहा कि प्राधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हालांकि ऐसी घटनाएं कहीं भी हो सकती हैं, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि यह विशेष मामला एक अस्पताल के अंदर हुआ। पूर्व क्रिकेटर ने चिकित्सा प्रतिष्ठानों में मजबूत सुरक्षा उपायों का आह्वान किया।

उत्तर कोलकाता में स्थित आरजी कर राजकीय अस्पताल के सेमिनार कक्ष के अंदर शुक्रवार को स्नातकोत्तर महिला प्रशिक्षु चिकित्सक का शव मिला था। प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला कि हत्या से पहले उसका यौन उत्पीड़न किया गया। गांगुली ने कहा था कि एक घटना के आधार पर पूरी व्यवस्था की आलोचना करना सही नहीं होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व प्रमुख गांगुली ने कहा कि उनका मानना ​​​​है कि पश्चिम बंगाल और भारत में महिलाएं आम तौर पर सुरक्षित हैं और इस तरह के जघन्य अपराध दुनिया में कहीं भी हो सकते हैं।

(इनपुट एजेंसी)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें