Notification Icon
Hindi Newsदेश न्यूज़punjab cm bhagwant reached vinesh phogat home and attacks pm narendra modi

विनेश फोगाट के जीतने पर PM मोदी का ट्वीट नहीं आया और हारने पर बयान: भगवंत मान

  • पंजाब के सीएम भगवंत मान हरियाणा के चरखी दादरी में उस गांव पहुंच गए, जहां की विनेश फोगाट रहने वाली हैं। इस दौरान उन्होंने विनेश फोगाट के चाचा महावीर फोगाट से भी बात की। वहीं पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने फोगाट की जीत पर ट्वीट नहीं किया, लेकिन हारने पर आ गया।

Surya Prakash नई दिल्ली, हिन्दुस्तान संवाददाता, चरखी दादरीWed, 7 Aug 2024 10:36 AM
share Share

ओलंपिक में महिला पहलवान विनेश फोगाट को फाइनल मुकाबले से ठीक पहले करारा झटका लग गया। गोल्ड मेडल का सपना देख रहीं विनेश फोगाट के साथ ही पूरे देश के खेल प्रेमियों का सपना टूट गया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि मुकाबले से ठीक पहले वजन कराए जाने पर उनका वेट 100 ग्राम अधिक पाया गया। इस मामले ने जहां पूरे देश की उम्मीदों पर पानी फेर दिया तो वहीं इसे लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। अखिलेश यादव ने कहा कि इस मामले में जांच होनी चाहिए। वहीं AAP के सांसद संजय सिंह ने भी साजिश वाली बात कही।

इस राजनीति के बीच ही पंजाब के सीएम भगवंत मान हरियाणा के चरखी दादरी में उस गांव पहुंच गए, जहां की विनेश फोगाट रहने वाली हैं। इस दौरान उन्होंने विनेश फोगाट के चाचा महावीर फोगाट से भी बात की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में भगवंत मान ने पीएम नरेंद्र मोदी पर भी सीधा हमला किया। भगवंत मान ने कहा, 'जब वह फाइनल में पहुंची तो कोई ट्वीट नहीं आया। लेकिन जब अयोग्य करार दिया गया तो फिर ट्वीट कर रहे हैं।' भगवंत मान ने कहा कि उनके लिए कुछ प्रयास तो होने चाहिए। इसी विनेश फोगाट को दरियों पर बिठाया गया और वह रो रही थीं। हमारे प्लेयर्स को पहले तो अपने हक के लिए लड़ना पड़ रहा है।

मान ने कहा कि खिलाड़ियों को जिंदाबाद और मुर्दाबाद करना पड़ रहा है। क्या यह खिलाड़ियों का काम है। भगवंत मान ने कहा कि उसे जिस समय तैयारी करनी चाहिए थी। उस दौर में विनेश फोगाट को नारे लगाने पड़े। भगवंत मान ने कहा कि मैं यह नहीं कहूंगा कि इस मामले में साजिश है। लेकिन यह काम तो कोच और फिजियोथेरेपिस्ट का है कि वे चेक करें कि विनेश को क्या खाना चाहिए था और कैसे वजन कम हो सकता है।

उन्होंने कहा कि ऐड दिया जाता है कि पीएम मोदी ने यूक्रेन का युद्ध रुकवा दिया, लेकिन इसे क्यों नहीं रुकवा पाए। नीता अंबानी भी ओलंपिक समिति में हैं। आखिर उन्होंने क्या किया, जिससे कुछ राहत मिलती। भगवंत मान ने कहा कि कुश्ती संघ को इस मामले में सवाल उठाना था। उन्होंने कहा कि आखिर एक लड़की दो बड़े मुकाबले एक दिन पहले खेलती है। फिर उसका वजन अचानक 100 ग्राम कैसे बढ़ जाता है।

संसद में क्या बोले खेल मंत्री मनसुख मांडविया

इस मामले में खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सदन में बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेसलर विनेश फोगाट को तय कैटिगरी में 100 ग्राम ज्यादा वजन होने के चलते स्पर्धा से बाहर होना पड़ा है। इस स्पर्धा के लिए उनका वजन 50 किलोग्राम तक ही रहना अनिवार्य था। हर मुकाबले से पहले वजन तौला जाता है। यदि कोई खिलाड़ी वजन माप में शामिल नहीं होता है या फिर अधिक निकलता है तो उसे प्रतियोगिता से बाहर कर दिया जाता है। विनेश फोगाट का वजन 50 किलो 100 ग्राम पाया गया। इसलिए उन्हें अयोग्य घोषित किया गया। इस मामले में भारतीय कुश्ती संघ ने ओलंपिक समिति से विरोध दर्ज कराया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें