मणिपुर में भाजपा सरकार पर संकट! विधायकों संग CM बीरेन की दिल्ली दौड़, गवर्नर भी रवाना
- मणिपुर में बीरेन सिंह के नेतृत्व में भाजपा सरकार में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। विधायकों में असंतोष के बीच सीएम बीरेन सिंह 8 विधायकों और मंत्रियों के साथ दिल्ली रवाना हो गए। गवर्नर भी दिल्ली रवाना हुए हैं।

मणिपुर में बीरेन सिंह के नेतृत्व में भाजपा सरकार में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। भाजपा के कई विधायक सीएम बीरेन से नाखुश हैं। कुछ विधायकों में असंतोष की खबरों के बीच मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह मंत्रियों और आठ अन्य विधायकों के साथ दिल्ली रवाना हुए। उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि सात विधायक और चार भाजपा पदाधिकारी भी मुख्यमंत्री के निकलने के तुरंत बाद एक चार्टर्ड फ्लाइट से दिल्ली की ओर निकल गए। मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला भी दिल्ली रवाना हो गए हैं, लेकिन उनकी यात्रा के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है।
दिल्ली जाने वाले तीन कैबिनेट मंत्रियों थोंगम बिश्वजीत सिंह, कोंथोजम गोविंदास और एल. सुसिंद्रो मैतेई शामिल हैं। इनके अलावा चार विधायक खोंगबंताबम इबोमचा सिंह, सापम कुंजाकेशोर सिंह, करम श्याम सिंह और एस. प्रेमचंद्र भी निकले हैं। इसके अतिरिक्त चार अन्य भाजपा पदाधिकारी रॉबर्टसन एसेम, नगासेपम रामचंद्र, एस. डोनिल शर्मा और ए. मुनिंद्रजीत सिंह भी दिल्ली रवाना हुए। इस बीच, सूत्रों ने पुष्टि की है कि भाजपा विधायक थोंगाम राधेश्याम और कैबिनेट मंत्री वाई. खेमचंद सिंह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं।
मणिपुर में सरकार पर संकट
राधेश्याम और खेमचंद पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में हैं और उन्हें शाह के कार्यालय से आमंत्रण मिला था। माना जा रहा है कि खेमचंद की शाह के साथ बैठक उन विधायकों की शिकायतों को लेकर हो रही है जो मणिपुर संकट की शुरुआत से ही परेशान हैं। यह बैठक गुरुवार को होने की संभावना है।
बीरेन सिंह के खिलाफ बगावत?
बुधवार को, मणिपुर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष के. देवव्रत सिंह ने दावा किया कि भाजपा के कई विधायक मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "यह सिर्फ अफवाह नहीं है, बल्कि वास्तव में यही हो रहा है।" उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह असंतुष्ट विधायकों और मंत्रियों को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि आगामी विधानसभा सत्र से पहले भाजपा सरकार सदन में अपना बहुमत बरकरार रख सके।