Notification Icon
Hindi Newsदेश न्यूज़Leave Russia aside Now India-Pakistan and China triangle biggest threat why US think tank warning over Nuclear Clash

रूस को छोड़िए, भारत-पाकिस्तान और चीन के त्रिकोण से बचिए; क्यों चेता रहा US थिंक टैंक

अमेरिकी थिंक टैंक सेंटर फॉर आर्म्स कंट्रोल एंड नॉन प्रोलिफरेशन के एक रिसर्च एनालिस्ट शॉन रोस्टकर ने अमेरिका समेत तमाम पश्चिमी देशों को चेताया है कि परमाणु हथियारों से अमेरिका को रूस और चीन से नहीं बल्कि चीन-पाकिस्तान और भारत के त्रिकोण से खतरा है। दक्षिण एशिया में परमाणु प्रतिद्वंद्विता बढ़ रही है।

Pramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 13 Aug 2024 01:38 PM
share Share

पिछले करीब ढाई साल से यूक्रेन और रूस के बीच जंग छिड़ी है। रूस पर अमेरिका समेत तमाम पश्चिमी देशों ने कई तरह के प्रतिबंध लगा रखे हैं। इस बीच चीन और नॉर्थ कोरिया गुपचुप तरीके से रूस की मदद करता रहा है। इस बात की भी आशंका गहराती रही है कि चीन और नॉर्थ कोरिया रूस को न्यूक्लियर हथियारों की सप्लाई कर रहा है और खुद अपने यहां न्यूक्लियर हथियारों का उत्पादन तेजी से बढ़ा रहा है। इन परिस्थितियों से हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में परमाणु हमले और संघर्ष का खतरा बढ़ गया है। अमेरिका समेत तमाम यूरोपीय देश पहले से ही ऐसे खतरे के प्रति आशंकित हैं।

अमेरिका पहले से ही चीन और रूस से इस मामले में खार खाता रहा है लेकिन हाल के भू-राजनीतिक घटनाक्रम और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के मॉस्को दौरे और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की प्योंगयांग के दौरे ने अमेरिका और यूरोप की चिंताएं बढ़ा दी हैं। नाटो देशों को इस बात का भय सता रहा है कि यूक्रेन जंग में जिस तरह से यूक्रेन ने रूसी क्षेत्रों पर कब्जा किया है और युद्ध में बढ़त बनाई है, उससे बौखलाकर रूस कहीं परमाणु हथियारों का इस्तेमाल ना कर दे।

हालांकि, इस बीच अमेरिकी थिंक टैंक सेंटर फॉर आर्म्स कंट्रोल एंड नॉन प्रोलिफरेशन के एक रिसर्च एनालिस्ट शॉन रोस्टकर ने अमेरिका समेत तमाम पश्चिमी देशों को चेताया है कि परमाणु हथियारों से अमेरिका को रूस और चीन से नहीं बल्कि चीन-पाकिस्तान और भारत के त्रिकोण से खतरा है। 'द डिप्लोमेट' में 9 अगस्त को लिए लिखे अपने आलेख में रोस्टकर ने लिखा है कि चीन-रूस और अमेरिका के बीच उलझी गुत्थियों के बीच दक्षिण एशिया अपेक्षाकृत ज्यादा परमाणु टकराव का केंद्र बन सकता है। रोस्टकर ने लिखा है कि भारत-पाकिस्तान और चीन के त्रिकोण के अंदर परमाणु गतिशीलता और जोखिम दोनों बढ़ रहा है, जो परमाणु प्रतिद्वंद्विता से ज्यादा खतरनाक है।

उन्होंने चेताया है कि दक्षिण एशियाई उपमहाद्वीप परमाणु शस्त्रीकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है क्योंकि यहां सैन्य तकनीकि में प्रगति होने के साथ-साथ सामरिक प्रतिसपर्धा भी बढ़ी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन, पाकिस्तान और भारत एक-दूसरे से संभावित खतरों के मद्देनजर न्यूक्लियर हथियारों का आधिुनिकीकरण कर रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चीन के साथ पाकिस्तान की परमाणु साझेदारी ने भारत की चिंताओं को बढ़ा दिया है। 

रिपोर्ट में कहा गया है कि बीजिंग का परमाणु श्सत्रीकरण कार्यक्रम पहले मुख्य रूप से वॉशिंगटन को लक्षित करता रहा है लेकिन अब भारत पर भी उसकी तेज नजर है। इस वजह से भारत और चीन का सामरिक संतुलन और अधिक जटिल होता जा रहा है। हालांकि, कई विश्लेषकों ने रोस्टर के इस विश्लेषण की निंदा की है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें