Hindi Newsदेश न्यूज़BJP releases a list of candidates for Rajya Sabha by elections Ravneet Singh Bittu from Rajasthan

राज्यसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने घोषित किए 9 उम्मीदवार, किरण चौधरी, बिट्टू सहित कई नाम शामिल

  • भाजपा ने केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन को मध्य प्रदेश से तो वहीं रवनीत सिंह बिट्टू को राजस्थान से प्रत्याशी घोषित किया है।

Amit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 20 Aug 2024 01:55 PM
share Share

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा की 12 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने 9 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इस लिस्ट में कई बड़े नेताओं के नाम शामिल हैं। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन को मध्य प्रदेश से तो वहीं रवनीत सिंह बिट्टू को राजस्थान से प्रत्याशी घोषित किया है। बिहार से बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन, वरिष्ठ अधिवक्ता मनन कुमार मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं त्रिपुरा से राजीब भट्टाचार्य को राज्यसभा भेजने की तैयारी है। इसके अलावा, हरियाणा से किरण चौधरी को भाजपा ने अपनी उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा ने कहां से किसे उतारा?

असम से- मिशन रंजन दास और रामेश्वर तेली

बिहार से- मनन कुमार मिश्रा

हरियाणा से- किरण चौधरी

मध्य प्रदेश से- जॉर्ज कुरियन

महाराष्ट्र से- धैर्यशील पाटिल

ओडिशा से- ममता मोहंता

राजस्थान से- रवनीत सिंह बिट्टू

त्रिपुरा से- राजीव भट्टाचार्जी

हाल ही में हरियाणा की विधायक किरण चौधरी ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। करीब दो माह पहले कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुईं चौधरी ने मंगलवार को अपने इस्तीफे की पुष्टि की थी। हरियाणा में एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए उपचुनाव हो रहा है। ये सीट कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने खाली की है जो रोहतक से लोकसभा के लिए चुने गए थे। हरियाणा में विधानसभा चुनावों की तारीख घोषित हो चुकी है। राज्य की सभी 90 सीटों पर एक ही चरण में 1 अक्टूबर को मतदान होगा और 4 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

इसके अलावा, भाजपा ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव के लिए केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जार्ज कुरियन को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के साथ राजनीति में प्रवेश करने के बाद कुरियन पिछले चार दशकों से केरल भाजपा इकाई में संगठन के व्यक्ति रहे हैं। कुरियन बुधवार को यहां अपना नामांकनपत्र दाखिल करेंगे। भाजपा नेता एवं केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के राज्यसभा से त्यागपत्र के कारण मध्य प्रदेश में रिक्त हुई एक सीट पर उपनिर्वाचन के लिए नामांकनपत्र दाखिले की अंतिम तिथि बुधवार यानी 21 अगस्त है।

48 वर्षीय रवनीत बिट्टू लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार के रूप में पंजाब के लुधियाना से चुनाव लड़ा था, लेकिन कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वारिंग से हार गए थे। बिट्टू वर्तमान में केंद्रीय रेल और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री हैं।

कुल 12 सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव

अगले महीने राज्यसभा की 12 सीटों के लिए उपचुनाव होने वाला है। इसके बाद भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को उच्च सदन में स्पष्ट बहुमत हासिल होने की उम्मीद है। इससे पार्टी को वक्फ (संशोधन) विधेयक जैसे प्रमुख विधेयकों को पारित कराने में मदद मिलेगी। वर्तमान में 229 सदस्यों वाले उच्च सदन में भाजपा के 87 सांसद हैं तथा इसके सहयोगी दलों के साथ यह संख्या 105 है। छह मनोनीत सदस्यों, जो आमतौर पर सरकार के पक्ष में वोट करते हैं, को मिलाकर राजग के सांसदों की संख्या 111 हो जाती है, जो 115 के बहुमत के आंकड़े से चार कम है।

उच्च सदन में कांग्रेस के 26 सदस्य हैं तथा इसके सहयोगी दलों के 58 सदस्य और जुड़ने से विपक्षी गठबंधन के सदस्यों की संख्या 84 हो गई है। प्रमुख तटस्थ दलों में 11 सदस्यों वाली वाईएसआर कांग्रेस पार्टी और आठ सदस्यों वाली बीजद शामिल हैं। नौ राज्यों की 12 रिक्त राज्यसभा सीटों के लिए तीन सितंबर को चुनाव होगा।

भाजपा और इसके सहयोगी दलों को चुनाव में 12 में से 11 सीट मिलने की उम्मीद है, जिससे 245 सदस्यीय सदन में राजग का संख्याबल 122 हो जाएगा। जम्मू-कश्मीर से उच्च सदन में चार सीट रिक्त हैं क्योंकि केंद्र शासित प्रदेश को अभी तक अपनी पहली विधानसभा नहीं मिली है। इससे राज्यसभा की प्रभावी संख्या घटकर 241 रह गई है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, सर्बानंद सोनोवाल और ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत मौजूदा सदस्यों के लोकसभा के लिए चुने जाने के कारण राज्यसभा की 10 सीट खाली हो गई हैं। तेलंगाना और ओडिशा में भी दो सीटों के लिए उपचुनाव होना है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें