Notification Icon
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़BJP and AIMIM are together where does Owaisi get the money from what did an angry Digvijay Singh say to both of them

मिले हुए हैं भाजपा और AIMIM, पैसा कहां से पाते हैं ओवैसी; भड़के दिग्विजय सिंह ने दोनों को क्या-क्या कहा

गुरुवार को प्रदेश के पूर्व सीएम और राजगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने भाजपा और असदुद्दीन औवैसी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दोनों पार्टियों को क्या-क्या कहा है।

Mohammad Azam पीटीआई, भोपालSat, 13 April 2024 09:18 AM
share Share

गुरुवार को राजगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और मध्य प्रदेश के पू्र्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने खूब खरी-खोटी सुनाई। सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता ने यह सवाल भी किया कि हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी को पैसे कहां से मिलते हैं। दिग्विजय सिंह ने इस दौरान गौहत्या और राम मंदिर पर भी अपना विचार लोगों से साझा किया है। आइये जानते हैं प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने  हैदराबाद के सांसद ओवैसी और भाजपा को लेकर और क्या-क्या कहा है।

बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह ने असदुद्दीन ओवैसी और भाजपा को जमकर निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हिंदुओं को भड़काती है, वहीं ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम मुसलमानों को भड़काती है, लेकिन वे एक-दूसरे के पूरक हैं और तालमेल से काम करते हैं।

सिंह शुक्रवार रात राजगढ़ लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले आगर मालवा जिले के सुसनेर में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। दिग्विजय सिंह इस सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि ओवैसी खुलेआम हैदराबाद में मुसलमानों को भड़काते हैं, भाजपा यहां हिंदुओं को भड़काती है। लेकिन मैं आपसे पूछता हूं कि मुसलमानों के वोट काटने के लिए ओवैसी को मैदान में उतारने के लिए पैसा कहां से आता है? वे साथ में राजनीति करते हैं...वे एक-दूसरे के पूरक हैं। इस दौरान सिंह ने यह आरोप भी लगाया कि देश में लोकतंत्र की हत्या हो चुकी है और लोगों को जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सही कहा कि भाजपा दागी नेताओं को साफ करने वाली वॉशिंग मशीन बन गई है।

गौहत्या के खिलाफ लेकिन...
खुद को सच्चा सनातनी बताते हुए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी ने हमेशा सनातन धर्म का समर्थन किया है, जो ‘सर्व धर्म समभाव’ में विश्वास करता है। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं कट्टर हिंदू और गौसेवक हूं। मैं गोहत्या के खिलाफ हूं, लेकिन मैं धर्म के नाम पर वोट नहीं मांगता।

राम मंदिर पर भी बोले
दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर निर्माण को लेकर भी भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का श्रेय भाजपा को नहीं, बल्कि अदालत को जाता है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के शासन में इसी स्थान पर राम मंदिर का शिलान्यास हो चुका था, लेकिन उन्होंने (BJP) इसका विरोध किया।

सिंह ने दोहराया कि यह उनका आखिरी चुनाव है और वह राजगढ़ लोकसभा सीट के लोगों की आवाज बनना चाहते हैं। दिसंबर 1993 में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने से पहले सिंह ने दो बार - 1984 और 1991 में लोकसभा में इस सीट का प्रतिनिधित्व किया। भाजपा ने मौजूदा सांसद रोडमल नागर को फिर से चुनाव मैदान में उतारा है। यह सिंह का गृह क्षेत्र है। वह इस संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीट राघौगढ़ के निवासी हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें