सीएम मोहन यादव ने किया भोपाल के सबसे बड़े फ्लाईओवर का उद्घाटन, जानिए इसके बारे में सबकुछ
- मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस के नेताओं पर बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के साथ हमेशा अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब इसी दल के नेता वोट के लालच में उनका नाम लेकर महू में जुटने जा रहे हैं।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गुरुवार को राजधानी भोपाल के सबसे बड़े फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। करीब 3 किलोमीटर (2900 मीटर) लंबे और 15 मीटर चौड़े इस एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण 154 करोड़ रुपए की लागत से हुआ है। इस मौके पर डॉ यादव ने कहा कि अंबेडकर जी को लेकर हमारी अत्यंत श्रद्धा है, इसलिए इस ब्रिज को डॉ भीमराव अंबेडकर के नाम से जाना जाएगा।
इस फ्लाईओवर को शहर के गायत्री मंदिर से गणेश मंदिर क्षेत्र के बीच बनाया गया है। इसी वजह से अबतक इसे GG फ्लाईओवर कहा जा रहा था। हालांकि अब इसे अंबेडकर के नाम से जाना जाएगा। यह फ्लाईओवर भोपाल में मैदा मिल मार्ग पर स्थित गायत्री मंदिर से शुरू होकर डीबी मॉल चौराहा, बोर्ड ऑफिस चौराहा, प्रगति पेट्रोल पंप चौराहा और मानसरोवर कॉम्प्लेक्स होते हुए गणेश मंदिर तक जाता है।
इस फ्लाईओवर के कारण मैदा मिल मार्ग से विद्यानगर, शक्तिनगर, कस्तूरबा नगर, साकेत नगर, दानिश नगर, आशिमा मॉल और एम्स जैसे प्रमुख रिहायशी और वाणिज्यिक क्षेत्रों में जाना बहुत सुविधाजनक हो जाएगा और इससे समय व ईंधन की भी बचत होगी। इसके अलावा औबेदुल्लागंज, नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा और जबलपुर की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह रास्ते को सुगम बनाएगा।
यह फ्लाईओवर डी.बी. मॉल, बोर्ड ऑफिस, प्रगति पेट्रोल पंप और मानसरोवर चौराहे जैसे भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों पर यातायात का दबाव कम करेगा। शुरुआती अनुमान के अनुसार 60 प्रतिशत यातायात इस फ्लाईओवर से होकर गुजरेगा, जबकि शेष 40 प्रतिशत यातायात पुराने मार्गों का उपयोग करेगा।
इस मौके पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुयोग है कि आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर इसका लोकार्पण हो रहा है। यह पुल एक और नेताजी सुभाष चंद्र सेतु और दूसरी ओर वीर सावरकर सेतु को मिलाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बावड़िया-कलां क्षेत्र में आवागमन की सुविधा की दृष्टि से 180 करोड रुपए की लागत से फ्लाई-ओवर बनाए जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द बैरागढ़ ब्रिज का भी लोकार्पण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने फ्लाई ओवर का नाम अंबेडकर के नाम पर करते हुए कांग्रेस के नेताओं पर हमेशा उनके साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब इसी दल के नेता वोट के लालच में उनका नाम लेकर महू में जुटने जा रहे हैं। यहां यादव का इशारा इंदौर के पास महू में 27 जनवरी को कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित कार्यक्रम की ओर था।
यादव ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता वोट की खातिर ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ अंबेडकर ने धारा 370 का विरोध किया था, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस नेताओं ने इसे लागू किया। इसी तरह डॉ अंबेडकर को सरकार में बेहतर और उनकी रुचि का मंत्रालय नहीं दिया गया। जब उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ा, तो कांग्रेस ने उन्हें हरवा दिया। इसी तरह ऐसे अनेक उदाहरण है, जहां पर कांग्रेस ने डॉ अंबेडकर का विरोध किया।
वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ यादव ने कहा कि लेकिन अब कांग्रेस वोट की खातिर डॉ अंबेडकर के नाम को याद करती है और इसलिए ये लोग महू में जुट रहे हैं। यादव ने महान क्रांतिकारी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर उनका नाम लेकर उनके देशहित में कार्य गिनाए और कहा कि लेकिन कांग्रेस के तत्कालीन नेताओं ने बोस की भी खिलाफत की और उन्हें हमेशा आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। बोस ने अंग्रेजों के अधीन नौकरी भी नहीं की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ही सच्चे अर्थों में डॉ अंबेडकर के बताए मार्ग पर चल रही है। उनके विचारों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने इस दिशा में केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में भी बताया। डॉ यादव ने इस दौरान भोपाल के विकास के संबंध में अनेक घोषणाएं करते हुए कहा कि शुक्रवार को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक महेश्वर में आयोजित हो रही है और इस दौरान अनेक निर्णय लिए जाएंगे। मंत्रिपरिषद भोपाल के विकास के संबंध में भी योजनाओं को स्वीकृत करेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।