आइसक्रीम समझकर फ्रोजन डेजर्ट तो नहीं खा रहे आप? साइड इफेक्ट्स से बचने के लिए ऐसे करें पहचान
- Difference between frozen dessert and ice cream: आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट को बनाने के लिए अलग-अलग चीजों का इस्तेमाल किया जाता है। जिससे कई बार सेहत को नुकसान पहुंचता है। आइए जानते हैं आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच क्या है बड़ा फर्क और यह सेहत को कैसे पहुंचा सकता है नुकसान।

तापमान में गर्मी बढ़ते ही मन कुछ ठंडा खाने का करने लगता है। गर्मियों की ऐसी ठंडी फेवरेट चीजों में सबसे पहला नाम आइसक्रीम का लिया जाता है। आइसक्रीम का स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक को बेहद पसंद होता है। यही वजह है कि लंच हो या डिनर, हर मील के बाद ज्यादातर लोग आइसक्रीम खाना बेहद पसंद करते हैं। हालांकि बहुत कम आइसक्रीम लवर्स ही यह बात जानते हैं कि बाजार में आइसक्रीम से ज्यादा बिक्री फ्रोजन डेजर्ट्स की हो रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि ज्यादातर लोग इन दोनों के बीच का फर्क समझ नहीं पाते हैं। बता दें, आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट को बनाने के लिए अलग-अलग चीजों का इस्तेमाल किया जाता है। जिससे कई बार सेहत को नुकसान पहुंचता है। आइए जानते हैं आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच क्या है बड़ा फर्क और यह सेहत को कैसे पहुंचा सकता है नुकसान।
आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच में फर्क
सामग्री में फर्क
आइसक्रीम दूध या क्रीम की मदद से तैयार की जाती है। जबकि फ्रोजन डेजर्ट को बनाने के लिए वेजिटेबल फैट का इस्तेमाल किया जाता है।
कीमत में फर्क
अगर मिल्क फैट की कीमत 400 रुपये प्रति किलो है तो वेजिटेबल फैट का रेट लगभग 100 रुपये होता है। यही वजह है कि आइसक्रीम की तुलना में फ्रोजन डेजर्ट सस्ती होती है।
कैलोरी की मात्रा
फ्रोजन डेजर्ट में कैलोरी कम होती है क्योंकि इसमें लिक्विड ग्लूकोज का उपयोग किया जाता है और डेयरी प्रोडक्ट्स की मात्रा बहुत कम होती है। जबकि आइसक्रीम को मिल्क फैट से तैयार करने की वजह से इसमें कैलोरी की मात्रा अधिक होती है।
ये होते हैं साइड इफेक्ट्स
बढ़ा सकती है शुगर और कैलोरी की मात्रा
यूं तो आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट, दोनों में ही शुगर की मात्रा अधिक होती है। लेकिन फ्रोजन डेजर्ट में आइसक्रीम की तुलना में आर्टिफिशियल स्वीटनर और एडिटिव्स भी मौजूद हो सकते हैं। जिससे पाचन तंत्र को नुकसान पहुंच सकता है।
पाचन संबंधी परेशानियां
फ्रोजन डेजर्ट में वेजिटेबल ऑयल और आर्टिफिशियल फ्लेवर मौजूद होने से वो पेट में जलन और पाचन संबंधी समस्याओं का कारण बन सकते हैं।
मोटापे का कारण
फ्रोजन डेजर्ट को बनाने के लिए हाइड्रोजनेटेड वेजिटेबल ऑयल का उपयोग किया जाता है, जिसमें ट्रांस फैट अधिक होता है। बता दें, ट्रांस फैट दिल की बीमारियों, मोटापे और कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने के लिए जिम्मेदार होते हैं। यह बॉडी के मेटाबॉलिज्म रेट को स्लो करके धीरे-धीरे मोटापे की समस्या को जन्म देने का कारण बन सकता है।
फ्रोजन डेजर्ट की कैसे करें पहचान
फ्रोजन डेजर्ट की पहचान करने का सबसे आसान तरीका है कि उसकी पैकेजिंग पर दी गई इंग्रेडिएंट्स लिस्ट को जरूर पढ़ें। अगर इसमें डेयरी की जगह वेजिटेबल ऑयल लिखा हुआ है, तो समझ जाए कि यह आइसक्रीम नहीं फ्रोजन डेजर्ट है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।