Notification Icon
Hindi Newsझारखंड न्यूज़oil companies are not supplying petrol and diesel difficult to maintain reserve stock big problem might happen

झारखंड: तेल कंपनियां नहीं कर रहीं पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति, रिजर्व स्टॉक मेंटेन करना हुआ मुश्किल; बड़ी समस्या के आसार 

पेट्रोल पंप पर तेल कंपनियां पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति नहीं कर रही हैं। इससे पंपों में रिजर्व स्टॉक को मेंटेन करके रखना मुश्किल हो रहा है। यदि तीन-चार दिन में आपूर्ति नहीं होती है तो समस्या हो जाएगी।

Sneha Baluni वरीय संवाददाता, धनबादFri, 24 June 2022 12:35 AM
share Share

पेट्रोल पंपों में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई की बाधा लगातार बनी हुई है। स्थिति यह है कि पंपों को रिजर्व स्टॉक मेंटेन करना मुश्किल हो रहा है। पंप संचालकों की मानें तो ग्राहकों के दबाव के कारण उन्हें पेट्रोल-डीजल देना पड़ रहा है जबकि तेल कंपनियों से समय पर इसकी आपूर्ति नहीं हो पा रही है। नतीजा रिजर्व स्टॉक कम हो रहा है। विशेष परिस्थिति में लोगों को इसका बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।

बता दें कि सभी पेट्रोल पंपों को तीन दिन का रिजर्व स्टॉक रखना होता है। यानी यदि कोई पेट्रोल पंप प्रतिदिन 5000 लीटर तेल बेचता है तो उस पंप में हमेशा 15 हजार लीटर तेल होना चाहिए। सरकार और तेल कंपनियों का इसको लेकर स्पष्ट दिशा निर्देश जारी है ताकि आपात स्थिति में तेल की आपूर्ति नहीं होने पर भी लोगों को पंपों से तेल मिलता रहे। 

पंप संचालकों का कहना है कि समय पर कंपनी से तेल की आपूर्ति नहीं होने के कारण तीन दिन का रिजर्व स्टॉक मेंटेन नहीं हो पा रहा है। खपत के आकलन के अनुसार कभी एक दिन का तो कभी दो दिन का तेल ही पंपों पर बचता है। कुछ पंप तो ड्राई हो जा रहे हैं। शहर के बाहर के पंपों की स्थिति ज्यादा खराब है।

किसी तरह मेंटेन कर रहे इमरजेंसी स्टॉक

पंप संचालकों के अनुसार रिजर्व स्टॉक के अलावा पंप पर इमरजेंसी स्टॉक भी होता है। इसका इस्तेमाल आपात स्थिति में पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, हॉस्पिटल समेत अन्य इमरजेंसी सेवा को ईंधन उपलब्ध कराने में किया जाता है। तेल कंपनियों से जरूरत के अनुसार और समय पर तेल नहीं मिलने के कारण किसी तरह इमरजेंसी स्टॉक मेंटेन किया जा रहा है।

...तो हो सकती है बड़ी समस्या

पंप संचालकों के अनुसार किसी कारण यदि तेल कंपनियां तीन-चार दिन ईंधन की आपूर्ति नहीं करती हैं तो बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी। जरूरत भर ईंधन नहीं मिलने के कारण अधिकांश पंपों की स्थिति पहले से खराब है। ऐसे में कुछ दिनों के लिए आपूर्ति बंद होने पर लोगों को पंपों से ईंधन नहीं मिल पाएगा और न ही इसका कोई विकल्प होगा।

कोलफील्ड पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के महासचिव संजीव राणा ने कहा, 'इमरजेंसी स्टॉक मेंटेन हो रहा है। रिजर्व स्टॉक मेंटेन करने में परेशानी हो रही है। कंपनी से समय पर तेल ही नहीं मिल रहा है। बावजूद कोशिश की जा रही है कि तीन दिनों का ईंधन सभी पंपों पर रखा जाए।'

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें