भाजपा ने मंत्री हफीजुल की डॉक्टरेट उपाधि पर उठाया सवाल
रांची में भाजपा प्रवक्ता अजय साह ने मंत्री हफीजुल हसन की डॉक्टरेट उपाधि पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह उपाधि भारत वर्चुअल ओपन एजुकेशनल यूनिवर्सिटी से मिली है, जो न तो मान्यता प्राप्त है और न ही वैध...

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने राज्य के मंत्री हफीजुल हसन की डॉक्टरेट उपाधि पर सवाल उठाए हैं। साह ने आरोप लगाया कि मंत्री हफीजुल हसन को मिली डॉक्टरेट की डिग्री जिस विश्वविद्यालय से मिली है, वह भारत वर्चुअल ओपन एजुकेशनल यूनिवर्सिटी है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह एक ऐसी संस्था है, जिसे न तो विश्वविद्यालय शब्द का प्रयोग करने का अधिकार है और न ही किसी प्रकार की शैक्षणिक उपाधि प्रदान करने की मान्यता प्राप्त है। शाह ने दावा किया है कि इस यूनिवर्सिटी को न तो यूजीसी, न तो भारत सरकार और ना ही झारखंड सरकार ने कोई मान्यता दी है। अजय साह ने यह भी आरोप लगाया है कि हफीजुल हसन ने एक फर्जी विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि हासिल कर ली, जो शुद्ध रूप से एक कागजी संस्था है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह संस्था खास समुदाय के कुछ लोगों द्वारा संचालित की जाती है और इसका कोई वैधानिक अस्तित्व नहीं है। साह ने कहा कि मंत्री ने पूर्व में एक बयान दे कर कहा था कि उनके लिए संविधान से पहले शरीयत है। साह के अनुसार जब एक राज्य के मंत्री से संबंधित इस प्रकार के गंभीर सवाल उठते हैं, तो यह केवल एक व्यक्तिगत मामला नहीं रह जाता, बल्कि राज्य की प्रतिष्ठा और संवैधानिक मूल्यों का प्रश्न बन जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।