आज आएगी मंईयां सम्मान योजना दूसरी किश्त, झारखंड में महिलाओं को एक साथ मिलेंगे 5000 हजार रुपए
- Maiyan Samman Yojana: मंईयां सम्मान योजना की लाभुकों के लिए खुशखबरी है। झारखंड सरकार 8 मार्च यानी आज से महिला लाभुकों के खातों में पैसे डालना शुरू कर देगी। इसमें 38 लाख से ज्यादा महिलाओं के खातों में ये पैसे डाले जाएंगे।

Maiyan Samman Yojana: महिला दिवस पर झारखंड की महिलाओं को उनके खाते में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान की राशि मिलने लगेगी। त्रुटियों को दूर कर लिया गया है और एक साथ जनवरी और फरवरी दो माह की राशि 5000 रुपये स्थानांतरित की जाएगी। 38.44 लाख महिला लाभुकों के खाते में शनिवार शाम से राशि स्थानांतरित होने लगेगी। ये ऐसी महिला लाभुक हैं, जिनका बैंक खाते से आधार लिंक का काम पूरा हो चुका है।
महिला, बाल विकास और सामाजिक सुरक्षा विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बीते गुरुवार को 24 में से 11 जिलों में स्थित ट्रेजरी में भुगतान राशि का बिल भेज दिया गया था। शुक्रवार तक अन्य 13 जिलों में भी भेज दिए जाने की सूचना है। शनिवार शाम से यह राशि लाभुकों के खाते में भेजी जाएगी। बता दें कि वर्तमान में योजना अंतर्गत 58 लाख से अधिक महिला लाभुक इस योजना में रजिस्टर्ड हैं। सबसे अधिक क्रमश: गिरिडीह, रांची, पलामू और धनबाद जिलों के महिला लाभुकों के खाते में राशि जाएगी। सबसे कम महिला लाभुक खूंटी जिले से है।
बता दें कि लाभुकों के खाते में बीते साल 25 दिसंबर को ही 24 जिलों के 5225 करोड़ राशि भेजी जा चुकी है। विभाग से मिली रिपोर्ट के मुताबिक सबसे अधिक गिरिडीह जिले में आधार लिंक लाभुक मिले है।
विधानसभा में शुक्रवार को मंईयां सम्मान राशि भेजे जाने का मुद्दा उठा। झामुमो विधायक मंगल कालिंदी के सवाल पर स्वयं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग भी सीएम के जिम्मे है) ने बताया कि राज्य में महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान आए, इसके लिए यह राशि महिला दिवस, होली, बाहा, रमजान के मौके पर महिलाओं के खाते में चली जाएगी। उन्होंने कहा कि विलंब होने के संदर्भ में बताया जा चुका है। त्रुटियां दूर कर ली गई हैं, महिलाओं के खाते में पैसे भेज दिए जाएंगे।
बता दें कि अगस्त 2024 में जब मंईयां योजना की कैबिनेट से स्वीकृति मिली थी, तब इस बात का जिक्र था कि 31 दिसंबर तक सभी रजिस्टर्ड लाभुकों के खाते में राशि जाएगी। लेकिन, इस अवधि तक सभी मंईयां को अपना बैंक खाता आधार से लिंक करा लेना होगा। दिसंबर तक की राशि का भुगतान किया गया, लेकिन अब आधार लिंक को अनिवार्य कर दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।