झारखंड में तेजी से बढ़ेगा तापमान, 34 डिग्री तक जाएगा पारा; एडवायजरी जारी
- झारखंड में पड़ने वाली भीषण गर्मी से बचाव, रोकथाम, निगरानी और उपचार को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक अबू इमरान ने सभी जिलों को एडवायजरी जारी की है। राज्य के सभी सिविल सर्जनों को निर्देश भेजा गया है। 10 मार्च तक तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।

झारखंड में पड़ने वाली भीषण गर्मी से बचाव, रोकथाम, निगरानी और उपचार को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक अबू इमरान ने सभी जिलों को एडवायजरी जारी की है। राज्य के सभी सिविल सर्जनों को निर्देश भेजा गया है। उन्होंने कहा है कि राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन तथा मानव स्वास्थ्य कार्यक्रम (एनपीसीसीएचएच) ने ग्लोबल वार्मिंग के कारण तापमान में अत्यधिक वृद्धि के मद्देनजर 2024 को हॉटेस्ट ईयर के रूप में रिपोर्ट किया है। इससे मानव स्वास्थ्य पर मौसम का दुष्प्रभाव परिलक्षित हुए हैं। इसके आलोक में भीषण गर्मी से बचाव, रोकथाम, निगरानी एवं उपचार को लेकर स्वास्थ्य संस्थानों की तैयारी आवश्यक है। ताकि, गर्मी के कारण होने वाली समस्याओं की ससमय पहचान व उपचार करते हुए मरीजों की संख्या एवं मौत को कम किया जा सके।
ओपीडी में आने वाले सभी मरीजों के लू के लक्षणों की जांच अभियान निदेशक ने हीट स्ट्रोक के संभावित मरीजों की समय पर पहचान व उपचार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। जिले के अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए डेडिकेटेड बेड की व्यवस्था करने को कहा। इमरजेंसी कॉल के लिए जिला व प्रखंड स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीम का गठन करने कहा। सभी जिलों में 5-10 बेड का डेडिकेटेड हीट स्ट्रोक रूम को अलग से चिन्हित करते हुए वहां आईस पैक, ठंडा पानी, कुलर, ओआरएस पैकेट एवं एंटी डायरियल ड्रग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
अभियान निदेशक ने जोखिम (पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिलाएं एवं बुजूर्ग) वाले मरीजों के लिए आउटरिच क्लिनिक की व्यवस्था करने को कहा है। उन्होंने हीट रिलेटेड इलनेस (एचआरआई) के मरीजों की सतत निगरानी के लिए सभी जिलों के अस्पतालों से दैनिक प्रतिवेदन मांगा है। सभी जिलों के सीएस को मार्च से जुलाई तक रोज अद्यतन प्रतिवेदन पोर्टल के साथ एनपीसीसीएचएच कोषांग के ई-मेल पर देना है।
झारखंड के 11 जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा
बुधवार को झारखंड के 11 जिलों और इलाकों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। इसमें जमशेदपुर में अधिकतम 31.1, डालटनगंज में 30.6, बोकारो में 32.1, चाईबासा में 34, बहरागोड़ा में 32.3, गुमला में 30.1, पलामू में 30.2, पाकुड़ में 30.3, सराइकेला में 34.6 और सिमडेगा में 31, पश्चिमी सिंहभूम में 32.9 डिग्री सेल्सियस तक रहा। जबकि, सबसे कम तापमान रांची, चतरा सहित अन्य जिले रहे।
चार दिनों में बढ़ेगा पांच डिग्री तक तापमान
रांची सहित राज्य में अगले 24 घंटे के अंतराल में अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। लेकिन, भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची का पूर्वानुमान है कि अगले चार से पांच दिनों के अंतराल में झारखंड के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी, जो चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगी। जबकि, रांची में वर्तमान में अधिकतम 27 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस है। लेकिन, आने वाले दिनों में इसमें क्रमवार बढ़ोतरी होगी और रांची में 10 मार्च तक अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। फिलहाल मौसम विभाग के द्वारा झारखंड के मौसम के लिए किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। सिर्फ झारखंड के दक्षिणी भाग में आंशिक बादल छाए रहने व मौसम शुष्क रहने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम में यह स्थिरता 12 मार्च तक झारखंड के कई हिस्सों में बनी रहने की संभावना है।