Hindi Newsझारखंड न्यूज़jharkhand temperature rise rapidly rainfall after 14 ranhi mausam

तेजी से बढ़ेगा पूरे झारखंड तापमान, फिर होगी बारिश; अगले 1 हफ्ते कैसा रहेगा मौसम

  • झारखंड के तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी होने वाली है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 5 दिनों में तापमान 5-6 डिग्री सेल्सियस बढ़ जाएगा। इसके बाद बारिश की भी संभावना जताई गई है।

Mohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, रांचीMon, 10 March 2025 07:58 AM
share Share
Follow Us on
तेजी से बढ़ेगा पूरे झारखंड तापमान, फिर होगी बारिश; अगले 1 हफ्ते कैसा रहेगा मौसम

Jharkhand Weather: राजधानी समेत झारखंड में अगले पांच दिनों के दौरान गर्मी बढ़ सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में तेजी से वृद्धि होने का अनुमान है। इस दौरान राजधानी समेत राज्य के विभिन्न जिलों में अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना व्यक्त की गई है। लेकिन, 14 मार्च से मौसम में बदलाव होने के संकेत हैं। बादल छाने का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है। इस दौरान हल्की बारिश की भी संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, देश में पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालय के तरायी क्षेत्रों में हुई बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी का असर बाद के दिनों में झारखंड में पड़ा। इससे यहां के तापमान में कमी आई और रात के ठंड में इजाफा हुआ। लेकिन, अब उसका असर खत्म होने को है। आसमान साफ है और अब ठंडी हवा का रुख खत्म होने से धूप कड़ी होगी। इससे दिन और रात दोनों तापमान में वृद्धि होगी।

इसका सबसे ज्यादा असर राज्य के कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला समेत पश्चिम बंगाल से सटे जिलों में होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में एक से तीन और अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री तक की वृद्धि हुई। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान सरायकेला खरसांवा का 37.0 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि जमशेदपुर और मेदिनीनगर का अधिकतम 34.8 डिग्री रहा। जबकि बोकारो का न्यूनतम राज्य में सबसे अधिक 16.3 डिग्री दर्ज किया गया।

रांची में 24 घंटे में डेढ़ डिग्री तक तापमान में उछाल

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान रांची में शनिवार को अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री की वृद्धि हुई है। इस दिन अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री की वृद्धि होकर 14.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले पांच दिनों के दौरान राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इससे यहां पर लोगों को गर्मी का एहसास हो सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, भारत के पश्चिमोत्तर भाग में एक नए पश्चिमी विक्षोभ से मैदानी भागों समेत झारखंड का मौसम प्रभावित हो सकता है। इससे 14 मार्च से रांची समेत झारखंड के मौसम में बदलाव आ सकते हैं।

अगला लेखऐप पर पढ़ें