झारखंड में फिर दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर, कई जिलों में बारिश के साथ पड़ेंगे ओले; ऑरेंज अलर्ट
- Jharkhand Mausam: पश्चिमी विक्षोभ के असर से रांची समेत झारखंड के कई जिलों में गुरुवार की सुबह तेज हवा और बारिश के साथ ओले पड़े। ओलावृष्टि से खेतों में रबी और सब्जी की फसलों के साथ-साथ आम, लीची, सहजन के मंजर को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने 2 दिन और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Jharkhand Mausam: पश्चिमी विक्षोभ के असर से रांची समेत झारखंड के कई जिलों में गुरुवार की सुबह तेज हवा और बारिश के साथ ओले पड़े। ओलावृष्टि से खेतों में रबी और सब्जी की फसलों के साथ-साथ आम, लीची, सहजन के मंजर को नुकसान पहुंचा है। मौसम केंद्र ने शुक्रवार और शनिवार के लिए भी भी कोल्हान के सभी जिलों समेत रांची, सिमडेगा, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गिरिडीह और देवघर जिले में तेज हवा के साथ बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 24 फरवरी को भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। आइए जानते हैं पूरे प्रदेश के मौसम का हाल।
मौसम विभाग के अनुसार, एक तरफ जहां बारिश से रबी फसल और मंजर को लाभ हुआ है, वहीं दूसरी ओर ओले की चोट से सब्जियों के सड़ने और फफूंद रोग लगने की आशंका बढ़ गई है। उधर, पलामू प्रमंडल में बारिश का ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से बांग्लादेश के ऊपर बना निम्न दबाब का क्षेत्र तेलांगना तक कायम है। यह पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रहा है। इसके प्रभाव से झारखंड के मौसम में बदलाव आ रहा है।
अधिकतम तापमान में 3 से 7 डिग्री तक की गिरावट
बारिश के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में 3 से 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। रांची के अधिकतम तापमान में 3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की कमी आयी। गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री दर्ज किया गया।
झारखंड के बदले हुए मौसम पर बात करते हुए रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ से प्रभाव से झारखंड में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। शुक्रवार और शनिवार को भी कुछ जिलों में ओलावृष्टि और कहीं-कहीं वज्रपात की संभावना है।