9 डिग्री गिरा झारखंड का तापमान, अगले 24 घंटे चलेंगी बर्फीली हवाएं; पूरे हफ्ते कैसा रहेगा मौसम
- Jharkhand Weather: देश के उत्तरी भागों से आनेवाली बर्फीली हवा ने एक बार फिर झारखंड में कनकनी बढ़ी दी है। राज्य के विभिन्न जिलों के तापमान में तीन से नौ डिग्री तक की गिरावट आई है। अभी तापमान और नीचे जाने की संभावना है।

Jharkhand Mausam: देश के उत्तरी भागों से आनेवाली बर्फीली हवा ने एक बार फिर झारखंड में कनकनी बढ़ी दी है। राज्य के विभिन्न जिलों के तापमान में तीन से नौ डिग्री तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के दक्षिणी भाग स्थित राजधानी समेत अन्य जिलों के न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री और गिर सकता है। इससे सुबह की कनकनी और बढ़ सकती है। आइए जानते हैं पूरे झारखंड के मौसम का हाल।
राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में चार से नौ डिग्री तक की गिरावट आई है। पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी का न्यूनमत पारा करीब चार डिग्री नीचे 12.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, मेदिनीनगर के न्यूनतम तापमान में करीब आठ डिग्री गिरावट दर्ज की गई। राज्य में चतरा सबसे ठंडा शहर रहा। यहां का तापमान नौ डिग्री नीचे गिरकर 6.6 डिग्री पर पहुंच गया। गढ़वा, धनबाद, हजारीबाग, खूंटी, पाकुड़ और सिमडेगा का न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे रहा। राज्य में अधितकतम तापमान सामान्य से अधिक चल रहे हैं। रांची का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री रहा। जबकि, सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान सरायकेला का 35.1 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, देश के उत्तरी भागों से आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड के मौसम में उतार-चढ़ाव हो रहा है। राज्य में अगले दो दिन ठंड की स्थिति रहने के बाद नौ फरवरी के बाद मौसम में बदलाव होगा। इससे न्यूनतम तापमान में फिर वृद्धि होगी। तब जाकर झारखंड के लोगों को ठंड से राहत मिल जाएगी।
झारखंड मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में उत्तर की सर्द हवा चलने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी समेत राज्य के दक्षिणी भागों में न्यूनतम पारा दो से तीन डिग्री और गिरने की संभावना है।