कल से बदल जाएगा झारखंड का मौसम, लगातार 4 दिन जमकर होगी बारिश; ओलावृष्टि का भी अलर्ट
झारखंड का मौसम रविवार को बदल जाएगा। इस दौरान प्रदेश में चार दिन लगातार बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश का अपडेट दिया है।

झारखंड में भीषण गर्मी के बीच एक खुशखबरी सामने आई है। बीते कुछ दिनों से राजधानी समेत राज्य में शुक्रवार को गर्मी बढ़ी है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। दोपहर के दौरान यहां बादल छाएंगे और राजधानी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी-ओलावृष्टि के साथ कहीं-कहीं वज्रपात के आसार हैं। इस दिन पलामू और आसपास के जिलों को छोड़कर पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे। 27 से 30 तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिन के दौरान तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। लेकिन, 27 फरवरी से इसमें तेजी से कमी आएगी और उमस की गर्मी से राहत मिलेगी।
जिलों के अधिकतम तापमान (डिग्री में)
मेदिनीनगर 43.5
जमशेदपुर 42.9
चाईबासा 42.4
बोकारो 42.1
गोड्डा 42.1
गढ़वा 41.7
पाकुड़ 41.6
देवघर 41.1
जामताड़ा 40.5
रांची 39.3
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में ज्यादा परिवर्तन नहीं होगा। 26 की शाम से मौसम में बदलाव की प्रक्रिया शुरू होगी। 27 को ओलावृष्टि, तेज हवा और वज्रपात के ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं। 30 तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश होगी।
अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री तक अधिक
पिछले 24 घंटे के मुकाबले अधिकतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि हुई। राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य औसत से चार डिग्री तक अधिक चल रहा है। शुक्रवार को मेदिनीनगर का तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य भर में सर्वाधिक रहा। राज्य के नौ जिलों का तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा। वहीं, रांची के न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री की वृद्धि हुई। रांची का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री रहा।