Hindi Newsझारखंड न्यूज़jharkhand maiyan samman yojana agli kisht kab aaegi 7500 rupees will be deposited at once heamnt soren government

कब आएगी मंईयां सम्मान योजना की अगली किश्त? एक साथ मिलेंगे 7500 रुपए; मंत्री ने दिए संकेत

  • Maiyan Samman Yojana: झारखंड सरकार की मंईयां सम्मान योजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। अगली किश्त का इंतजार कर रही महिलाओं को जल्दी खातों में मंईयां सम्मान योजना के पैसे मिल सकते हैं। हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री ने यह संकेत दिए हैं।

Mohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, रांचीWed, 26 Feb 2025 06:30 AM
share Share
Follow Us on
कब आएगी मंईयां सम्मान योजना की अगली किश्त? एक साथ मिलेंगे 7500 रुपए; मंत्री ने दिए संकेत

Maiyan Samman Yojana: झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मंईयां सम्मान योजना की दूसरी किश्त को लेकर एक बड़ा संकेत दिया है। बजट सत्र के दूसरे दिन सदन के बाहर दीपिका ने कहा है कि पूर्व में महिला लाभुकों के खाते में दशहरा, छठ और क्रिसमस जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के दौरान राशि भेजी गई थी। हो सकता है होली के त्योहार पर मंईयां को राज्य सरकार उपहार दे। इसी तरह महिला दिवस महिलाओं के लिए एक बड़ा दिन है। कौन जानें, इस दिन भी योजना की राशि लाभुकों को दे दी जाए। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि मंईयां सम्मान योजना के लाभर्थियों के खाते में तीन महीने की किश्त एक साथ भेजी जा सकती है।

बता दें कि 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। मंईयां सम्मान योजना के तहत जनवरी और फरवरी माह की राशि लंबित है। अगर ग्रामीण विकास मंत्री के संकेत को मानें तो योजना की लंबित राशि मार्च माह तक तीन माह की हो जाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में दिसंबर माह के लिए 1400 करोड़ से अधिक राशि जारी की थी। उसके बाद से अब तक लाभुकों के खाते में राशि नहीं आई है।

एक साथ 7500 रुपए आने की संभावना

झारखंड में चुनावों के दौरान हेमंत सोरेन ने वादा किया था कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद वो महिलाओं को हर महीने मंईयां सम्मान योजना के तहत 2500 रुपए देंगे। उनकी सरकार बनने के बाद महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलना शुरू हुआ। अब तक महिलाओं के खातों में मंईयां सम्मान योजना के तहत 2 महीने की राशि पहुंच चुकी है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि महिला दिवस या होली के अवसर पर महिलाओं के खातों में जनवरी, फरवरी और मार्च तीनों महीने का पैसा भेजा जा सकता है।

मंत्री दीपिका ने यह भी कहा कि योजना के तहत कुछ अपात्र व्यक्तियों द्वारा गलत तरीके से लाभ लेने की खबर सामने आई है, जिनके खिलाफ जांच जारी है। जैसे ही जांच पूरी होगी, पात्र लाभुकों के खातों में राशि भेज दी जाएगी। हम हर स्तर पर पारदर्शिता, ईमानदारी और कड़ी निगरानी सुनिश्चित कर रहे हैं, ताकि योजना का असली उद्देश्य पूरी तरह साकार हो सके।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें