JEE ने जारी किया रिजल्ट, अभिमन्यु बने झारखंड टॉपर; देखें टॉप-10 की लिस्ट
- मंगलवार को जेईई ने मेंस का रिजल्ट जारी कर दिया। इसमें धनबाद के रहने वाले अभिमन्यु ने पूरे प्रदेश में टॉप किया है। हालांकि, टॉप-10 में झारखंड से एक भी छात्र नहीं आया है।
जेईई मेन के जनवरी सत्र का परिणाम मंगलवार को जारी हुआ। इसमें झारखंड के कई छात्रों ने अपना परचम लहराया है। हालांकि, टॉप-10 में झारखंड का एक भी छात्र नहीं आया है। 99.99 पर्सेंटाइल लाने वाले धनबाद के अभिमन्यु टेबरीवाल को झारखंड का टॉपर बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। वहीं रांची में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारीबाग निवासी छात्र यश कुमार को 99.98 पर्सेंटाइल अंक मिले हैं। इसके अलावा साहिल आकाश को भी 99.98 पर्सेंटाइल अंक मिले हैं। इस तरह अभिमन्यु ने प्रदेश के साथ ही पूरे देश में धनबाद का नाम रौशन किया है। आइए जानते हैं कि देश के साथ ही झारखंड में और किन छात्रों ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
अर्नव पांडे ने 99.94 पर्सेंटाइल, विशेष ने 99.93 पर्सेंटाइल, धनबाद के आदित्य मिश्रा ने 99.93 पर्सेंटाइल, लावण्य भास्कर ने 99.7 पर्सेंटाइल अंक प्राप्त किए हैं। जेईई मेन परीक्षा के पहले संस्करण में 14 छात्रों को सर्वोच्च 100 पर्सेंटाइल प्राप्त हुए थे। शीर्ष 14 में से 12 छात्र सामान्य श्रेणी, एक ओबीसी श्रेणी और एक छात्र अनुसूचित जाति (एससी) श्रेणी से हैं। इस महत्वपूर्ण परीक्षा के पहले संस्करण में देशभर से 12.58 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए थे। इस परीक्षा में अभिमन्यु झारखंड टॉपर बन गए हैं। इस साल की जेईई परीक्षा में झारखंड में सबसे ज्यादा नंबर अभिमन्यु के हैं।
सर्वोच्च स्कोर हासिल करने वालों में पांच राजस्थान के
सर्वोच्च स्कोर हासिल करने वाले छात्रों में से पांच राजस्थान से, दो-दो दिल्ली और उत्तर प्रदेश से और एक-एक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना और महाराष्ट्र से हैं। बीई-बीटेक के लिए 22, 23, 24, 28 और 29 जनवरी को परीक्षा आयोजित की गई थी। बता दें कि परीक्षा के दोनों सत्र के बाद, पहले से बनाई गई नीति के अनुसार दो एनटीए स्कोर में से सर्वश्रेष्ठ को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों की रैंक जारी की जाएगी।