Notification Icon
Hindi Newsझारखंड न्यूज़heavy rain alert in ranchi jharkhand weather forecast 18 august imd monsoon update

रांची में भारी बारिश का अलर्ट, झारखंड में इस दिन तक बढ़ेगी मॉनसून की सक्रियता

  • रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिम बंगाल और बांगलादेश के मध्य एक व्यापक निम्न दबाव क्षेत्र बना है। यह अगले दो दिनों के दौरान झारखंड से होकर गुजरेगा।

Devesh Mishra हिन्दुस्तान, रांचीSun, 18 Aug 2024 01:51 AM
share Share

Jharkhand weather forecast: कोल्हान के तीन जिलों के अलावा राज्य के दक्षिणी भाग के सभी छह जिलों के लिए रविवार को बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रांची समेत नौ जिलों में भी भारी बारिश का यलो अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले चार दिनों के दौरान मॉनसून की सक्रियता बढ़ेगी और रुक-रुक कर लगातार बारिश होगी। बांग्लादेश के दक्षिणी भाग और बंगाल के मध्य एक व्यापक निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। इससे झारखंड के संताल परगना के सभी जिलों में कम बारिश होगी। शेष झारखंड में अच्छी और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

छह में ऑरेंज और नौ जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को खूंटी, सरायकेला, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी। जबकि रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, चतरा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा में अगले 24 घंटे के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं।

चार दिनों तक बढ़ेगी मॉनसून की सक्रियता

रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिम बंगाल और बांगलादेश के मध्य एक व्यापक निम्न दबाव क्षेत्र बना है। यह अगले दो दिनों के दौरान झारखंड से होकर गुजरेगा। इस सिस्टम के कारण राज्य में अगले चार दिनों तक मानसून की सक्रियता बढ़ेगी और बारिश होगी।

कहां कितनी बारिश

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जगहों पर बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश सिमडेगा के जलडेगा में 119 मिमी हुई। वहीं पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा में 87.2, पूर्वी सिंहभूम में 71, चंदवा लातेहार में 64, बरियातु में 50 मिमी, जमशेदपुर में 47.2, हजारीबाग 34.2 मिमी समेत राज्य के विभिन्न भागों में हल्की बारिश हुई। राज्य में एक जून से 17 अगस्त तक 586.8 मिमी बारिश हुई है, जो कि सामान्य 678.3 मिमी से 13 फीसदी कम है। जबकि रांची जिला में इस अवधि के दौरान 711 मिमी बारिश हुई, जो कि सामान्य वर्षापात 696.3 से दो फीसदी अधिक है। चार जिलों में कम बारिश हुई है। चतरा, देवघर में 41 फीसदी, पाकुड़ में 53 फीसदी और लोहरदगा में 33 फीसदी कम बारिश हुई है। हालांकि रांची में शनिवार को दिन के दौरान बारिश नहीं हुई। यहां का अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक है। मेदिनीनगर और जमशेदपुर में भी अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक चल रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें