Notification Icon
Hindi Newsझारखंड न्यूज़हजारीबागStone Pelting During Vishwakarma Puja in Barkagaon MP Manish Jaiswal Demands Action

बड़कागांव में पहुंचे सांसद, पीड़ितों से मिले, कहा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी हो

बड़कागांव में विश्वकर्मा पूजा के विसर्जन जुलूस के दौरान पत्थरबाजी की घटना हुई। सांसद मनीष जायसवाल ने पीड़ितों से मुलाकात की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस...

Newswrap हिन्दुस्तान, हजारीबागThu, 19 Sep 2024 06:44 PM
share Share

बड़कागांव। बड़कागांव के ठाकुर मुहल्ला की विश्वकर्मा पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान पत्थरबाजी की सूचना के बाद सांसद मनीष जायसवाल बड़कागांव पहुंच गए। उन्होंने पीड़ितों से भेंट की। साथ ही दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने स्थानीय घायलों और पीड़ित लोगों से बात करके घटना की पूरी जानकारी ली। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी एसी संतोष कुमार सिंह ने बड़कागांव एसडीपीओ कुलदीप कुमार के समक्ष बड़कागांव थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल से वार्ता की। कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से धार्मिक जुलूस में पत्थरबाजी की गयी और दोबारा पुलिस के सामने भी पत्थरबाजी करते हुए पुलिस को भी ललकारा गया। इसके बावजूद पुलिस करीब 14-15 घंटे बीतने पर भी किसी की गिरफ्तारी नहीं करती है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

सरकार के इशारे पर पुलिस कर रही काम: जायसवाल

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि बड़कागांव में पुलिस सत्ताधारी सरकार के इशारे पर काम कर रही है। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि दोषियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा और उनपर कड़ी कानूनी कारवाई जरूर होगी। उन्होंने बड़कागांव क्षेत्र की आवाम से समाज में अमन, शांति और सामाजिक सौहार्द बरकरार रखने का अपील की। उन्होंने सवाल उठाया कि रात में सरकारी स्कूल को खोला जाना, घरों की छतों पर पहले से पत्थर इकट्ठा कर रखा जाना और शांतिप्रिय ढंग से चल रहे धार्मिक जुलूस पर पत्थरबाजी करना और पुनः सुबह पुलिस के सामने पत्थरबाजी करना यह सुनियोजित घटना की ओर इशारा कर रही है।

चार पांच महीनों के भीतर की घटनाएं पुलिस की कार्यशैली पर उठा रही सवाल

पिछले चार-पांच महीने में ऐसी कई घटनाएं घटी हैं। सांसद ने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी क्षेत्र के एक यज्ञ की कलशयात्रा के दौरान आक्रमण किया गया। महुदी में शांति से प्रोटेस्ट कर रहे लोगों पर लाठी चार्ज कर हटाए जाने के बाद एक विशेष समुदाय के जुलूस को प्रशासन की ओर से निकलवाना, बादम में एक चुनावी बाइक रैली में हमला किया जाना, डीजे बजाने वाले एक इंजीनियर का नाम पूछकर उसका हाथ तोड़ देना, जैसी घटनाओं में एफआईआर दर्ज होने के बाद से अबतक कोई गिरफ्तारी नहीं किया जाना बड़कागांव पुलिस के कार्यशैली पर सवाल उठना लाजिमी है। बड़कागांव पुलिस इन मामलों को अच्छे तरीके से हैंडल नहीं कर पा रही है। जिस कारण बड़कागांव क्षेत्र में उन्माद फैल रहा है और एक समुदाय विशेष के लोग दमन कर रहे हैं।

घटना के बाद अबतक किसी की गिरफ्तारी नहीं

सांसद की ओर से कहा गया है कि बड़कागांव ठाकुर मुहल्ला में रात में घटी घटना के बाद पुलिस आती है और शांत करती है लेकिन सुबह पुलिस के सामने उनपर भी पथराव किया जाता है। करीब 15- 16 घंटा होने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई गिरफ्तारी नहीं की गयी है। सांसद मनीष जायसवाल ने यह भी कहा कि पुलिस का काम राजनीति करना नहीं बल्कि न्याय करना है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बड़कागांव पुलिस झामुमो- कांग्रेस और राजद की सरकार के दबाव में है और उन्हीं के दबाव में तुष्टीकरण की राजनीति के लिए एक समुदाय विशेष को संरक्षण दे रही है और दूसरे समुदाय को दबाने का काम कर रही है। सांसद मनीष जायसवाल ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन और बड़कागांव पुलिस से यह मांग भी की कि बड़कागांव में पिछले कुछ महीनों में घटे सभी घटनाओं के दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कारवाई कर न्याय करें अन्यथा हमलोग चरणबद्ध आंदोलन को बाध्य होंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें