Hindi NewsJharkhand NewsGarhwa NewsDevelopment Plans for Shri Bajrangbali Temple and Shri Ram Darbar Temple at Satbahini Waterfall

बजरंगबली मंदिर और श्रीराम दरबार का होगा निर्माण

फोटो कांडी तीन: बैठक में शामिल होने के बाद विधायक नरेश प्रसाद सिंह व अन्य सतबहिनी झरना तीर्थ स्थित श्री बजरंगबली मंदिर और श्री राम दरबार मंदिर का शीघ्

Newswrap हिन्दुस्तान, गढ़वाMon, 17 March 2025 04:29 AM
share Share
Follow Us on
बजरंगबली मंदिर और श्रीराम दरबार का होगा निर्माण

कांडी, प्रतिनिधि। सतबहिनी झरना तीर्थ स्थित श्री बजरंगबली मंदिर और श्री राम दरबार मंदिर का शीघ्र ही निर्माण और चहुंमुखी विकास किया जाएगा। उक्त बातें समिति के अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने एक बैठक के दौरान कही। झारखंड में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में शुक्रवार को समिति की एक आवश्यक बैठक की गई। मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के अध्यक्ष सह विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक ने बैठक की अध्यक्षता की। मौके पर उन्होंने कहा कि समिति के कार्यकाल में ही दो मंजिला मंदिर का निर्माण कराया गया था। भू-तल पर श्री बजरंगबली की विशाल प्रतिमा की स्थापना की गई थी। उसके साथ ही सभी नौ मंदिरों में संबंधित देव शक्तियों के प्रतिमाओं की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के दौरान वैदिक विधि से कराई गई थी। मंदिर के प्रथम तल पर श्री राम दरबार के प्रतिमा की स्थापना की जानी है। वह प्रतिमा भी लाकर रखी हुई है। दुर्भाग्य रहा कि अक्टूबर 2017 में फर्जी ट्रस्ट बनाकर सतबहिनी झरना तीर्थ पर अवैध कब्जा जमा लिया गया। मामले को लेकर झारखंड उच्च न्यायालय में चुनौती दी गई। उच्च न्यायालय ने 22 फरवरी 2024 को फर्जी ट्रस्ट को निरस्त करते हुए फिर से आम सभा कर कमेटी बहाल करने का झारखंड हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड को आदेश दिया। उक्त आदेश के आलोक में दो-दो बार आम सभा बुलाकर 17 वर्षों से इस स्थल को शून्य से शिखर तक पहुंचाने वाली मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति को फिर से इसका प्रभार सौंपा गया। उसके बाद से समिति संस्थान के विकास और सुंदरीकरण के लिए प्रयत्नशील है। विधायक ने कहा कि श्री बजरंगबली मंदिर और प्रथम तल पर श्रीराम दरबार के मंदिर का सुदृढ़ निर्माण और सुंदरीकरण उनकी पहली प्राथमिकता है। उसमें शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। विधायक ने कहा कि इस पर्यटन स्थल की संपूर्ण सुरक्षा किस प्रकार से हो यह भी विचारणीय प्रश्न है। उसकी भी सुदृढ़ और फूल प्रूफ व्यवस्था शीघ्र की जाएगी। मौके पर समिति के सचिव पंडित मुरलीधर मिश्र ने कहा कि प्रत्येक दिन के हिसाब से यहां जिनकी ड्यूटी लगाई गई है वह अगर मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाएं तो कुछ हद तक व्यवस्था में सुधार संभव हो सकता है। उस दौरान समिति के द्वारा स्थानीय विधायक को 11 सूत्री मांग पत्र समर्पित किया गया। उसके अनुसार महावीर मंदिर का रंग रोगन कर इसका सुंदरीकरण, राम दरबार मंदिर का निर्माण पूर्ण कर प्रतिमा का विधिवत प्राण प्रतिष्ठा करने, सतबहिनी भगवती के मंदिर के पश्चिम जल कुंड का निर्माण करने, मेला मैदान में स्थायी दुकानों का निर्माण, भैरवनाथ मंदिर के पीछे गुफा पर्वत से सटे छठ घाट का निर्माण, प्रवचन मंच के सामने दो मंजिला पंडाल का स्थायी निर्माण, नवीन यज्ञशाला के उत्तर तरफ पार्क एवं लाइटिंग के साथ फव्वारा का निर्माण, शिव मंदिर से सटे दक्षिण की तरफ पर पैदल पार पथ का निर्माण, सामुदायिक भवन के बगल में झरना घाटी में झूला पुल का निर्माण, प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में तीन हाई मास्ट लाइट का अधिष्ठापन व यहां पर गुरुकुल या सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना करने सहित अन्य मांगों शामिल हैं। विधायक ने उक्त मांगों पर सकारात्मक रूप से कार्य करने का आश्वासन दिया। मौके पर सतबहिनी के संत महात्मा हरिदास, कोषाध्यक्ष विभूति नारायण दुबे, नवल किशोर तिवारी, सुदर्शन तिवारी, उपेंद्र नाथ तिवारी, अवधेश प्रसाद गुप्ता, डॉक्टर प्रमोद कुमार सिंह, बटेश्वर सिंह, अखिलेश प्रसाद, रघुनंदन राम, जय किशुन राम,धनन्जय सिंह,उप मुखिया अतीश सिंह, शंभु नाथ सिंह, गोरख सिंह, रमेश तिवारी, शंभु प्रसाद गुप्ता, ध्रुव कुमार पांडेय सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।