रांची आश्रम में ताबड़तोड़ फायरिंग, साधु समेत 2 की हत्या; 4 गिरफ्तार
- आनंदशील आश्रम में बुधवार की देर रात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में साधु 50 वर्षीय मुकेश साह और 36 वर्षीय राजेंद्र यादव शामिल हैं। साह बिहार के, जबकि राजेंद्र बुढ़मू स्थित साढ़म के निवासी थे। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

रांची स्थित चान्हो के आनंदशील आश्रम में बुधवार की देर रात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में साधु 50 वर्षीय मुकेश साह और 36 वर्षीय राजेंद्र यादव शामिल हैं। साह बिहार के, जबकि राजेंद्र बुढ़मू स्थित साढ़म के निवासी थे। घटना चान्हो थाना क्षेत्र की चामा पंचायत में हुई। इस मामले पुलिस ने तुरंत ऐक्शन लेते हुए 16 घंटे के अंदर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की अब तक की छानबीन के अनुसार, बुधवार रात करीब 12 बजे लूटपाट की नीयत से आधा दर्जन हथियारबंद अपराधी कार और बाइक से आनंदशील आश्रम में घुसे और अंधाधुंध गोलियां चलाईं। अपराधियों के इस हमले में साधु मुकेश साह की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं राजेंद्र यादव को जबड़ा समेत अन्य जगहों पर गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात की सूचना मिलने पर चान्हो पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजेंद्र को अस्पताल ले गयी, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रिम्स में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
चार आरोपी गिरफ्तार, लूट का विरोध करने पर ली जान
आनंदशील आश्रम में हुई गोलीबारी की घटना और हत्याओं के बाद चान्हो पुलिस एक्शन में आ गई। छापेमारी करते हुए 16 घंटे में ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें चान्हो के जितेंद्र यादव उर्फ छोटू, अरविंद यादव, सूरज पाहन और बुढ़मू के अफरोज अंसारी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वे लूटपाट के लिए आश्रम में पहुंचे थे। मुकेश साह और राजेंद्र यादव को विरोध करने के कारण गोलियां मारीं। हालांकि, पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी छानबीन कर रही है।
20 साल बाद ब्राजील से लौटे थे मुकेश साह
साधु मुकेश साह मूल रूप से भागलपुर के खलीफाबाग आरपी रोड स्थित ठाकुरबाड़ी के रहने वाले थे। 1987 में ही उन्होंने घर छोड़ दिया था और आनंदमार्गी बन गए थे। 20 साल पहले आनंदमार्ग के प्रचार-प्रसार के लिए ब्राजील गए थे, जहां उन्होंने शादी कर ली। उनकी एक बेटी भी है। चार साल पहले मां की तबीयत खराब होने पर वहां से भागलपुर लौटे थे। उनके बड़े भाई दिलीप साह ने बताया कि मंगलवार को वीडियो कॉल पर मुकेश से बात हुई थी, जिसमें उन्होंने आनंदशील आश्रम में नया किचन बनवाने की बात कही थी। साथ ही निर्माणाधीन किचन भी दिखाया था। इसके बाद बुधवार को मुकेश ने अपने छोटे भाई कालीचरण से भी बात की थी और रांची आने को कहा था।