अवैध पानी कनेक्शन वालों पर होगा ऐक्शन, धनबाद नगर निगम करेगा कार्रवाई; 50 हजार का जुर्माना
- धनबाद शहर में अवैध पानी कनेक्शन के खिलाफ नगर निगम पिछले एक हफ्ते से अभियान चला रहा है। पिछले तीन दिनों में दो बड़े संस्थानों में नगर निगम की जांच से अवैध कनेक्शन वालों में हड़कंप मच गया है। मधुलिका स्वीट्स पर 50 हजार रुपए का जुर्माना अवैध कनेक्शन के लिए निगम ने लगाया है।

धनबाद शहर में अवैध पानी कनेक्शन के खिलाफ नगर निगम पिछले एक हफ्ते से अभियान चला रहा है। पिछले तीन दिनों में दो बड़े संस्थानों में नगर निगम की जांच से अवैध कनेक्शन वालों में हड़कंप है। मधुलिका स्वीट्स पर 50 हजार रुपए का जुर्माना अवैध कनेक्शन के लिए निगम ने लगाया है। वहीं असर्फी द्वारा कागज नहीं दिखाने पर नोटिस दिया गया है। इस दौरान धनबाद प्रशासन शहर के बाकी लोगों पर भी ऐक्शन लेने की तैयारी कर रहा है। जिन लोगों को घरों या दुकानों में पानी का अवैध कनेक्शन लगा होगा उन पर नगर निगम कार्रवाई करेगा।
धनबाद नगर निगम अब ऐसे बड़े नामों की सूची बना रहा है, जो अवैध वाटर कनेक्शन रखे हुए हैं। नगर निगम की जांच टीम होली के बाद अभियान में तेजी लाएगी। शहर में 20 हजार से अधिक अवैध वाटर कनेक्शन हैं। नगर निगम इनके खिलाफ अब जांच में तेजी लाएगा। वार्ड नंबर 20-25 तक में अवैध वाटर कनेक्शन की संख्या अधिक है। निगम ने अभियान की शुरुआत भी इन्हीं इलाकों से की है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम ने अवैध वाटर कनेक्शन के खिलाफ अभियान शुरू किया है। जिन घरों में अवैध कनेक्शन मिलेगा, उन्हें जुर्माना भरना पड़ेगा
प्लंबर की मिलीभगत से शहर में अवैध कनेक्शन का खेल
शहर में अवैध पानी कनेक्शन के खेल में नगर निगम के अधिकृत प्लंबर शामिल हैं। उनकी मिलीभगत से ही राइजिंग पाइप से कनेक्शन दिया जा रहा है। नगर निगम अवैध कनेक्शन पर कार्रवाई तो कर रहा है लेकिन कनेक्शन करने वालों की पहचान नहीं कर रहा है। अवैध कनेक्शन के नाम पर हर माह लाखों की कमाई हो रही है। कई इलाके में पार्षद भी इसमें शामिल हैं। ऐसे में प्रशासन अवैध पानी का कनेक्शन लेने वालों पर ऐक्शन लेगा। ऐसी दुकानों और मकानों पर नगर निगम कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाएगा।