बरसात के पहले नक्सल मुक्त होगा सारंडा;डीजीपी ने तय कर दी डेडलाइन
- डीजीपी ने कहा कि मार्च 2026 में केंद्र सरकार ने माओवाद खत्म करने की डेडलाइन तय की है। लेकिन झारखंड पुलिस बरसात के पूर्व सारंडा इलाके से माओवादियों का खात्मा कर देगी।

बोकारो में मुठभेड़ में मिली सफलता के बाद डीजीपी अनुराग गुप्ता ने पुलिस व सीआरपीएफ अधिकारियों की मौजूदगी में प्रेसवार्ता की। डीजीपी ने कहा कि मार्च 2026 में केंद्र सरकार ने माओवाद खत्म करने की डेडलाइन तय की है। लेकिन झारखंड पुलिस बरसात के पूर्व सारंडा इलाके से माओवादियों का खात्मा कर देगी।
डीजीपी ने कहा कि माओवादियों के लिए लुगु पहाड़ी के मुठभेड़ की घटना एक सबक है। इस घटना से सबक लेते हुए उन्हें सरकार के सरेंडर नीति के तहत मुख्यधारा से जुड़ना चाहिए। डीजीपी ने कहा कि राज्य में अब प्रत्येक सक्रिय नक्सली का लोकेशन पुलिस के पास है। वह किससे मिलते हैं, कहां से लेवी वसूलते हैं, उनकी गतिविधियां कहां कहां होती है, ये जानकारी उपलब्ध है। माओवादी अब बच नहीं सकते।
प्रेसवार्ता में एडीजी अभियान संजय आनंद लाठकर, सीआरपीएफ आईजी साकेत सिंह, आईजी विशेष शाखा प्रभात कुमार, डीआईजी जगुआर इंद्रजीत महथा, डीआईजी एसआईबी चंदन झा मौजूद थे।डीजीपी ने बताया कि नक्सलियों के इनाम की पूरी राशि इसमें शामिल जवानों को मिलेगी। प्रयाग पर एक करोड़ व साहेबराम मांझी पर 10 लाख का इनाम था।