झारखंड में आज देखने को मिलेगा आंधी-बारिश का दौर; 14 जिलों में बारिश-ओले का ऑरेंज अलर्ट जारी
- प्रभावित जिलों में रांची समेत कोल्हान और पश्चिम बंगाल से सटे जिले शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 24 फरवरी तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड के 14 जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान आंधी-बारिश के साथ कुछ जगहों पर ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कहीं-कहीं वज्रपात भी हो सकता है। प्रभावित जिलों में रांची समेत कोल्हान और पश्चिम बंगाल से सटे जिले शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 24 फरवरी तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।
जानिए कहां दर्ज हुई है बारिश
इधर, राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में बारिश हुई है। सबसे अधिक खूंटी के तोरपा में 82.4 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम 28.6 मिमी, पश्चिमी सिंहभूम 23.0 मिमी, हेंदेगिर 16.2 मिमी, पत्थरगामा 13.2, घाघरा 14.2 मिमी, रामगढ़ 6.4 मिमी, जमशेदपुर में 3.2 मिमी समेत कई जगहों पर हल्की बारिश दर्ज किए गए।
जानिए बीते 24 घंटों के मौसम का हाल
इस बीच पिछले 24 घंटों के दौरान रांची का आसमान साफ रहा। शुक्रवार को दिन के दौरान मौसम साफ रहा। राज्य के अधिकांश जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है। रांची का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान सरायकेला खरसांवा का 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में सामान्य तापमान औसत तापमान करीब दो से लेकर सात डिग्री अधिक हुई।
मौसम ले रहा करवटें
इस तरह रांची में मौसम करवटें ले रहा है। फरवरी में देश के अन्य हिस्सों में भी बारिश के साथ ओलावृष्टि देखने को मिली। तापमान की बात करें तो अन्य सालों की तुलना में इस बार तापमान अधिक रहा। यहां भी औसत तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसके चलते फरवरी माह में उतनी ठंड नहीं देखी गई जितनी बाकी सालों में देखने को मिलती रही है। मौसम वैज्ञानिकों ने इसे ही बढ़ता ग्लोबल वॉर्मिंग नाम दिया है।