पूर्वी सिंहभूम के 7 हजार लोगों को नहीं मिला मंईयां सम्मान योजना का पैसा, अब सीधे आएंगे 7500 रुपए
- पूर्वी सिंहभूम में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के करीब सात हजार लाभुकों का भुगतान पर इस बार संकट मंडरा रहा है। इसकी मुख्य वजह, इन लाभुकों के बैंक अकाउंट में गड़बड़ी है। अब इन लाभुकों के खातों में 7500 रुपए भेजे जाएंगे।

पूर्वी सिंहभूम में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के करीब सात हजार लाभुकों का भुगतान पर इस बार संकट मंडरा रहा है। इसकी मुख्य वजह, इन लाभुकों के बैंक अकाउंट में गड़बड़ी है। किसी के खाता का एक अंक गलत चढ़ गया है, या फिर उनके बैंक का आइएसएफसी कोड गलत भरा गया है। कई अकाउंट के केवाईसी नहीं हैं। अब इन लाभुकों के खातों में सीधे 7500 रुपए भेजे जाएंगे।
ऐसे ही कारणों से इन लाभुकों का जनवरी में भुगतान नहीं हो पाया था। जनवरी में ऐसे लाभुकों की संख्या करीब 40 हजार थी। हालांकि बाद में डाटा इंट्री में सुधार की कवायद शुरू हुई। काफी प्रयास के बाद करीब 33 हजार लाभुकों की समस्या दूर कर दी गई है।
भुगतान से वंचित अधिकांश लाभुक शहरी क्षेत्र के जिले में भुगतान से वंचित अधिकांश लाभुक जमशेदपुर शहरी क्षेत्र की हैं। इनमें से करीब तीन-तीन हजार जमशेदपुर और मानगो अंचल की जबकि बाकी ग्रामीण क्षेत्र की हैं। हालांकि प्रखंड स्तर पर अधिकांश प्रखंडों ने अपनी लाभुकों के खाते की कमियों को दूर कर दिया है। समस्या शहरी क्षेत्र में है। दोनों अंचलों में कर्मचारियों की कमी है। वही कर्मचारी रूटीन काम कर रहे और फिर फोन कर लाभुकों को ऑफिस बुला रहे हैं। मानगो अंचल में जिनका भुगतान रुका था, उनकी संख्या करीब 3500 थी। करीब 1800 को तीन-चार कर्मचारी मिलकर फोन कर-करके बुला चुके हैं। हालांकि इनमें से 600 ही ऑफिस पहुंचीं हैं, जिनकी समस्या का समाधान कर दिया गया है। ऐसा अंचल कर्मियों का कहना है। इन सभी के खाते में इस बार राशि पहुंचने की संभावना है।
सामाजिक सुरक्षा की सहायक निदेशक नेहा संजना खलखो ने कहा कि जिनका भुगतान रुका था, ऐसे करीब सात हजार लाभुकों के खाते में सुधार की प्रक्रिया चल रही है। इस बार लाभुकों को एकमुश्त 7500 रुपए भेजे जाएंगे।
रोड नंबर 5 पर रहने वाली गीता देवी ने कहा कि अगस्त में मंईयां सम्मान के लिए आवेदन किया था। आज तक एक बार भी पैसा नहीं मिला है। खाता अपडेट है, केवाईसी भी करा लिया है। सरिता देवी ने कहा कि अगस्त में ही आंगनबाड़ी केन्द्र में आवेदन किये थे। साकची पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। पता किया है, उसमें कोई गड़बड़ी नहीं है।
बिल पास, पीएफएमएस से होगा भुगतान
पूर्वी सिंहभूम जिले के सत्यापित लाभुकों के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। सभी का बिल पास हो गया है। एक साथ तीन माह जनवरी, फरवरी व मार्च महीने की सम्मान राशि के रूप में प्रति लाभुक 7500 रुपए उनके खाते में भेजे जाएंगे। इस बार लाभुकों को एनईएफटी के बजाय पीएफएमएस पद्धति से भुगतान किया जाएगा। छात्रा रीतिका कुमारी ने इस मामले पर बात करते हुए कहा कि नवंबर में ऑफलाइन जबकि दिसंबर में ऑनलाइन आवेदन किया था। हालांकि आज तक कुछ हुआ नहीं। आज भी इसी के बारे में पता करने आये थे।