Notification Icon
Hindi Newsविदेश न्यूज़Typhoon Shanshan high alert in japan more than 8 lakh people to rescue railway flights and Postal services suspended

जापान में 250KM की रफ्तार से बढ़ रहा चक्रवात, 8 लाख लोगों को निकालने के आदेश; रेल-उड़ान और डाक सेवाएं सब बंद

  • जापान में महा भयंकर चक्रवाती तूफान शानशान 250 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने कागोशिमा और मियाजाकी प्रांतों के लिए चेतावनी जारी की है।

Gaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान, टोक्योWed, 28 Aug 2024 11:20 AM
share Share

Japan on High Alert: ईस्ट एशियन राष्ट्र जापान में महा भयंकर चक्रवाती तूफान शानशान 250 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने कागोशिमा और मियाजाकी प्रांतों के लिए चेतावनी जारी की है। चक्रवाती तूफान के मद्देनजर सरकार भी अलर्ट मोड पर आ गई है। तूफान की गंभीरता का असर इस बात से लगाया जा सकता है कि सरकार के निर्देश में शुक्रवार तक करीब 219 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। फेमस कार निर्माता कंपनी टोयोटा ने अपने कारखाने बंद कर दिए हैं और सरकार इन दो प्रांतों से करीब 8 लाख लोगों को विस्थापित कर रही है। इतना ही नहीं, राजधानी टोक्यो तक रेल, बुलेट ट्रेन, उड़ान और डाक सेवाएं तक बंद करने के आदेश जारी हो गए हैं।

जापानी चैनल एनएचके की रिपोर्ट के अनुसार, देश के मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने बुधवार को अनुमान जताया कि टाइफून शानशान दोपहर 2 बजे याकुशिमा द्वीप से 70 किमी दूर स्थित था और यह दक्षिण-पश्चिमी क्यूशू द्वीप पर कागोशिमा और मियाज़ाकी प्रान्तों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मुख्य कैबिनेट सचिव योशिमासा हयाशी ने संवाददाताओं को बताया कि शानशान गुरुवार को "बेहद तेजी" से दक्षिणी क्यूशू की ओर बढ़ेगा।

250 किलोमीटर की रफ्तार

हयाशी ने कहा कि तूफान की गति 250 किमी प्रति घंटे तक होने की उम्मीद है। उन्होंने आगे कहा कि यह अभी तक के पहले चक्रवाती तूफानों से काफी भयंकर हो सकता है। बता दें कि शानशान से पहले इस महीने की शुरुआत में चक्रवाती तूफान एम्पिल ने तटीय इलाकों में कहर बरपाया था। इससे कई शहरों में ब्लैकआउट की स्थिति पैदा हो गई थी और सैकड़ों उड़ानें और रेलगाड़ियां बाधित हुई थी।

8 लाख से अधिक लोगों के निकासी के आदेश जारी

जेएमए ने कहा कि शानशान अगले कुछ दिनों में क्यूशू के निकट समुद्री तट से टकराएगा। इसके सप्ताहांत में राजधानी टोक्यो सहित मध्य और पूर्वी क्षेत्रों तक पहुंचने की संभावना है। अधिकारियों ने बुधवार को क्यूशू के कागोशिमा प्रान्त और मध्य होन्शू द्वीप के टोक्यो के दक्षिण-पश्चिम में ऐची और शिज़ुओका प्रान्तों के 800000 से अधिक निवासियों को निकासी के आदेश जारी किए।

सैकड़ों उड़ानें रद्द, डाक सेवाएं भी निलंबित

उधर, कार निर्माता कंपनी टोयोटा ने बुधवार शाम से गुरुवार सुबह तक जापान में अपने सभी 14 संयंत्रों में परिचालन निलंबित करने के आदेश दे दिए हैं। जापान एयरलाइंस ने बुधवार और गुरुवार को निर्धारित 172 घरेलू उड़ानें और छह इंटरनेशनल उड़ानें रद्द कर दीं। जबकि एएनए ने बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को निर्धारित 219 घरेलू उड़ानें और चार अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दीं। इससे लगभग 25000 लोग प्रभावित होंगे।

इतना ही नहीं क्यूशू रेलवे ने कहा कि बुधवार रात से कुमामोटो और कागोशिमा चुओ के बीच कुछ शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाओं को निलंबित कर दिया जाएगा। टोक्यो और क्यूशू के सबसे अधिक आबादी वाले शहर फुकुओका के बीच ट्रेनें भी इस सप्ताह मौसम की स्थिति के आधार पर रद्द की जा सकती हैं। क्यूशू क्षेत्र में डाक और डिलीवरी सेवाएं भी निलंबित कर दी गई हैं। सुपरमार्केट और अन्य दुकानों ने समय से पहले बंद करने की घोषणा की है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें