समुद्र में चक्कर लगा रहे चीन के तीन युद्धपोत, इन दो देशों की उड़ी नींद; आसमान में भी तनातनी
- 2023 में जापान के पास अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में एक चीनी विध्वंसक जहाज पर आरोप लगा था कि उसने पानी के अंदर मौजूद ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के गोताखोरों पर सोनार तरंगें छोड़ीं, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं।

चीन लंबे समय से समुद्र में अपनी धाक जमाता आ रहा है। अब उसने अपने तीन युद्धपोतों को समुद्र में चक्कर लगाने के लिए भेजा है। चीन की इस हरकत से ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड सतर्क हैं। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड अपने पूर्वी तट के पास अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में देखे गए चीनी नौसेना के तीन युद्धपोतों की "असामान्य" उपस्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों ने इस पर बयान जारी किया है।
पिछले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया के मुख्यभूमि तट के पास एक फ्रिगेट, एक क्रूजर और एक सप्लाई टैंकर को देखा गया था। ये युद्धपोत अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट के साथ नीचे की ओर बढ़ रहे हैं और रिपोर्ट के अनुसार, ये सिडनी से 150 समुद्री मील (278 किमी) पूर्व में स्थित हैं।
"हर मूवमेंट पर हमारी नजर"
ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस ने कहा, "हम इन पर करीबी नजर रख रहे हैं और इनकी हर गतिविधि पर निगरानी कर रहे हैं।" हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ये युद्धपोत "किसी तरह का खतरा नहीं हैं" और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार ही गतिविधि कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, "जैसे उन्हें अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में रहने का अधिकार है, वैसे ही हमें सतर्क रहने और उन पर नजर रखने का अधिकार है।"
न्यूजीलैंड भी कर रहा है निगरानी
न्यूजीलैंड की रक्षा मंत्री जूडिथ कोलिन्स ने भी कहा कि उनके देश की रक्षा सेनाएं इन जहाजों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। उन्होंने कहा, "चीनी सरकार ने हमें यह नहीं बताया कि यह नौसैनिक टास्क ग्रुप हमारे क्षेत्र में क्यों तैनात किया गया है और आगे इसकी क्या योजना है।"
चीन-ऑस्ट्रेलिया के बीच हालिया तनाव- आसमान में भी तनातनी
चीनी युद्धपोतों की यह उपस्थिति ऐसे समय में सामने आई है जब हाल ही में ऑस्ट्रेलिया और चीन के बीच सैन्य गतिविधियों को लेकर टकराव हुआ था। पिछले सप्ताह दक्षिण चीन सागर में एक चीनी लड़ाकू विमान ने एक ऑस्ट्रेलियाई सैन्य विमान के पास फ्लेयर्स गिराए थे, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने "असुरक्षित सैन्य गतिविधि" करार दिया था। इसके जवाब में चीन ने आरोप लगाया कि ऑस्ट्रेलियाई विमान "चीनी संप्रभुता का उल्लंघन कर रहा था और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाल रहा था।"
इसके अलावा, 2024 में एक चीनी जेट पर एक ऑस्ट्रेलियाई सीहॉक हेलीकॉप्टर को रोकने और उसके उड़ान पथ में फ्लेयर्स गिराने का आरोप लगा था। 2023 में जापान के पास अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में एक चीनी विध्वंसक जहाज पर आरोप लगा था कि उसने पानी के अंदर मौजूद ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के गोताखोरों पर सोनार तरंगें छोड़ीं, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं। हालिया घटनाओं से स्पष्ट है कि प्रशांत क्षेत्र में चीन और ऑस्ट्रेलिया के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ रहा है।
चीनी नौसेना के हेलीकॉप्टर ने विवादित क्षेत्र में फिलीपीन के गश्ती विमान के बेहद करीब उड़ान भरी
दक्षिण चीन सागर के विवादित क्षेत्र में मंगलवार को एक चीनी नौसेना का हेलीकॉप्टर एक फिलीपीन गश्ती विमान के 10 फीट (3 मीटर) के दायरे में उड़ रहा था, जिसके कारण फिलीपीन के पायलट ने रेडियो पर चेतावनी दी: ‘‘आप बहुत करीब उड़ रहे हैं, यह बहुत खतरनाक हैं।’’ चीनी हेलीकॉप्टर फिलीपीन ब्यूरो ऑफ फिशरीज एंड एक्वेटिक रिसोर्सेज के सेसना कारवां टर्बोप्रॉप विमान को उस क्षेत्र से बाहर निकालने की कोशिश कर रहा था जिस पर चीन अपना हवाई क्षेत्र होने का दावा करता है।
विमान में मौजूद एसोसिएटेड प्रेस के एक पत्रकार और अन्य आमंत्रित विदेशी मीडियाकर्मियों ने 30 मिनट तक चले इस तनावपूर्ण गतिरोध को देखा, जहां फिलीपीन का विमान स्कारबोरो के आसपास अपने कम ऊंचाई वाले घेरे में गश्त करते हुए आगे बढ़ रहा था, जबकि चीनी नौसेना का हेलीकॉप्टर उसके ऊपर मंडरा रहा था। फिलीपीन के पायलट ने एक समय चीनी नौसेना के हेलीकॉप्टर से रेडियो पर कहा, ‘‘आप बहुत करीब उड़ रहे हैं, यह बहुत खतरनाक है और (आप) हमारे चालक दल और यात्रियों के जीवन को खतरे में डाल रहे हैं।’’
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।