Hindi Newsविदेश न्यूज़Bangladesh set on fire before elections polling booth set on fire Opposition strike sheikh hasina - International news in Hindi

चुनाव से पहले जल उठा बांग्लादेश, पोलिंग बूथ में लगा दी गई आग; सड़कों पर उतरा विपक्ष

रविवार को बांग्लादेश में आम चुनाव होने जा रहे हैं। विपक्ष ने इन चुनावों के बहिष्कार का फैसला किया है। इसके अलावा 48 घंटे की हड़ताल घोषित की गई है। कई जगहों पर पोलिंग बूथों को आग लगा दी गई।

Ankit Ojha लाइव हिन्दुस्तान, ढाकाSat, 6 Jan 2024 06:06 PM
share Share
Follow Us on
चुनाव से पहले जल उठा बांग्लादेश, पोलिंग बूथ में लगा दी गई आग; सड़कों पर उतरा विपक्ष

बांग्लादेश में रविवार का आम चुनाव होने जा रहे हैं। इस बार चुनाव का जमकर विरोध हो रहा है। वोटिंग से पहले ही कई बूथों को आग के हवाले कर दिया गया। कई जगहों पर स्कूलों को आग लगा दी गई। वहीं इस बार विपक्ष चुनावों का बहिष्कार कर रहा है। विपक्ष के नेता सड़कों पर उतर गए हैं। भीड़भाड़ वाला ढाका सुनसान नजर आ रहा है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाबलों को राजधानी के चप्पे-चप्पे पर तैनात कर दिया गया है। 

बता दें कि शुक्रवार को ढाका के गोपीबाग इलाके में एक ट्रेन में कुछ उपद्रवियों ने आग लगा दी थी जिसमें कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। बांग्लादेश की 12 विपक्षी पार्टियों ने चुनाव के 48 घंटे के दौरान हड़ताल की घोषणा कर रखी है। बांग्लादेश में यह 12वां आम चुनाव है। प्रधानमंत्री शेख हसीना दोबारा इस पद की दावेदार हैं। वह 2009 से ही बांग्लादेश की सत्ता पर काबिज हैं। 

बांग्लादेश के अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी जगहों पर पुलिस और सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। बांग्लादेश की मुख्य विपक्षी पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) चुनाव का बहिष्कार कर रही है। बीएनपी का कहना था कि शेख हसीना अपने पद से  इस्तीफा दे दें और फिर एक निष्पक्ष अथॉरिटी चुनाव करवाए। हालांकि हसीना ने विपक्षी दल की मांग मानने से इनकार कर दिया। बीएनपी का कहना है कि चुनाव निष्पक्ष नहीं कराए जाते हैं और धांधली करके शेख हसीना की आवामी लीग जीत दर्ज करती है।

बांग्लादेश में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कई महीने से चल रहे हैं। अब तक इन प्रदर्शनों में कम से कम 10 लोगों की जान भी जा चुकी है। मौलवीबाजार और हाबीगंज के पोलिंग बूथों को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि दो दिन पहले से ही उन स्कूलों को निशाना बनाया जा रहा है जहां वोट डाले जाएंगे। रविवार को पोलिंग बूथों पर आठ लाख पुलिसकर्मियों, अर्धसैनिक बलों और अन्य जवानों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा शांति व्यवस्था बनाए रखने केलिए आर्मी, नेवी और वायुसेना के अधिकारियों को भी तैनात किया गया है। 

आवामी लीग का कहना है कि बीएनपी हर तरह से चुनाव में बाधा डालने और किसी तरह इसे टालने की कोशिश कर रही है। बांग्लादेश में इस बार 30 देशों के 180 एक्सपर्ट चुनाव की निगरानी करेंगे। बांग्लादेश में शुक्रवार को ही चुनाव प्रचार थम गया है। इस चुनाव में जनता 299 सीटों पर वोट करने जा रही है। विपक्षी दलों के बहिष्कार की वजह से एक बार फिर शेख हसीना की सरकार बनने की पूरी उम्मीद है। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें