सोने का महल, 3000 करोड़ का यॉट: कितने अमीर शेख अल-थानी, जिनके लिए PM मोदी ने तोड़े प्रोटोकॉल
- कतर के अमीर शेख अल-थानी की संपति धनकुबेर से कम नहीं, उनके पास 100 कमरों का सोने का महल है। 500 गाड़ियों की पार्किंग, 3000 करोड़ का यॉट, फुटबॉल क्लब और खुद की प्राइवेट एयरलाइन है।

Qatar Amir Al Thani Net Worth: कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। यह यात्रा भारत और कतर के बीच कूटनीतिक संबंधों को और मजबूती देने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अल-थानी पीएम नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर भारत आए हैं। प्रधानमंत्री मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर एयरपोर्ट पहुंचे और स्वागत की अगवानी की। अल-थानी दुनिया के सबसे देशों में से एक के नेता हैं। उनकी संपति धनकुबेर से कम नहीं, उनके पास 100 कमरों का सोने का महल है। 500 गाड़ियों की पार्किंग, 3000 करोड़ का यॉट, फुटबॉल क्लब और खुद की प्राइवेट एयरलाइन है।
शेख तमीम मार्च 2015 के बाद भारत पहुंचे हैं। 18 फरवरी को उनका औपचारिक भव्य स्वागत राष्ट्रपति भवन में किया जाएगा। उनके सम्मान में एक विशेष भव्य भोज का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी उच्च स्तरीय बैठकें भी होंगी।
कौन हैं शेख तमीम बिन हमद अल-थानी?
शेख तमीम बिन हमद अल-थानी का जन्म 1980 में कतर के पूर्व अमीर हमद बिन खलीफा अल-थानी के घर हुआ था। 2003 में उनके बड़े भाई शेख जासिम ने राजगद्दी के अपने दावे को छोड़ दिया, जिसके बाद शेख तमीम को आधिकारिक उत्तराधिकारी घोषित किया गया। 2013 में, उनके पिता ने गद्दी छोड़ दी, जिसके बाद शेख तमीम कतर के अमीर बने। उनकी शिक्षा लंदन के प्रतिष्ठित हैरो स्कूल में हुई और बाद में उन्होंने रॉयल मिलिट्री अकादमी सैंडहर्स्ट से सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया। 1998 में स्नातक होने के बाद, वह कतर लौटे और सेना में सेकंड लेफ्टिनेंट के रूप में शामिल हुए।
2003 में उत्तराधिकारी घोषित होने के बाद उन्हें तुरंत कतर सशस्त्र बलों के उप-कमांडर-इन-चीफ के रूप में नियुक्त किया गया। इसके बाद, उन्होंने कतर की सुरक्षा और आर्थिक नीतियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपनी भविष्य की नेतृत्व क्षमता को साबित किया।
संपत्ति और शाही जीवनशैली
शेख तमीम दुनिया के सबसे अमीर शासकों में से एक हैं। फोर्ब्स के अनुसार, वह दुनिया के आठवें सबसे अमीर राजा हैं। उनकी निजी संपत्ति करीब $2.4 बिलियन (20,000 करोड़ रुपये) आंकी जाती है। अल थानी परिवार की कुल संपत्ति लगभग $335 बिलियन (28 लाख करोड़ रुपये) है, जो उन्हें दुनिया के सबसे धनी शाही परिवारों में शामिल करती है।
शेख तमीम और उनका परिवार दोहा के शानदार रॉयल पैलेस में रहते हैं, जिसे सोने से सजाया गया बताया जाता है। इस विशाल संपत्ति में 15 महल और 500 से अधिक कारों के लिए पार्किंग की सुविधा है। 2019 में, उन्होंने ओमान में एक और शानदार महल बनवाया, जिसकी भव्यता दोहा के रॉयल पैलेस के समान है।
दुनिया का सबसे महंगा यॉट
लक्ज़री जीवनशैली के शौकीन शेख तमीम के पास 'द कतारा' नामक दुनिया की सबसे बड़ी और महंगी यॉट में से एक है। 124 मीटर लंबी इस नौका की कीमत लगभग $400 मिलियन (3,300 करोड़ रुपये) आंकी गई है। इसमें हेलीकॉप्टर पैड और कई डेक हैं, जहां 35 मेहमान और 90 क्रू मेंबर्स रह सकते हैं। उनका शाही परिवार Qatar Amiri Flight नामक एक विशेष निजी एयरलाइन का मालिक है, जिसमें 14 शानदार विमान हैं। जिनमें से तीन Boeing 747-8 मॉडल के हैं, जिनकी प्रत्येक की कीमत $400 मिलियन से अधिक बताई जाती है।
महंगी कारों का शौक और फुटबॉल क्लब
शेख तमीम के पास बुगाटी डिवो, वेरॉन और चिरोन, ला फेरारी अपर्ता, लेम्बोर्गिनी सेंटेनारियो, मर्सिडीज AMG 6x6 और रोल्स रॉयस फैंटम जैसी कई दुर्लभ और महंगी कारों का विशाल कलेक्शन है। कतर शाही परिवार खेलों के बड़े प्रशंसक हैं। शेख तमीम ने 2004 में कतर स्पोर्ट्स इन्वेस्टमेंट्स (QSI) की स्थापना की। 2011 में QSI ने फ्रांस के प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लब 'पेरिस सेंट-जर्मेन' (PSG) को खरीदा। हाल ही में, अक्टूबर 2023 में, QSI ने पुर्तगाल के शीर्ष फुटबॉल क्लब SC ब्रागा में 21.7% हिस्सेदारी हासिल की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।