फ्रांस में चाकूबाजी; एक व्यक्ति की मौत और 2 घायल, हमलावर चिल्लाता रहा 'अल्लाहु अकबर'
- रिपोर्ट के मुताबिक, संदिग्ध ने पहले नगर निगम के पुलिस अधिकारियों पर हमला किया। इस दौरान उसे 'अल्लाहु अकबर' कहते हुए सुना गया। फ्रांस की राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी अभियोक्ता इकाई की ओर से भी यही जानकारी दी गई।

फ्रांस में एक बार फिर से चाकूबाजी की घटना सामने आई है। पूर्वी इलाके में चाकू से किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हैं। देश के आतंकवाद निरोधक अभियोजक कार्यालय ने यह जानकारी दी। इसकी ओर से बताया गया कि हमले के सिलसिले में अल्जीरिया के 37 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। फ्रांस के मुलहाउस शहर में यह हमला हुआ है और यह शहर जर्मनी और स्विट्जरलैंड के निकट स्थित है। कार्यालय ने कहा कि वह मामले की जांच कर रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, संदिग्ध ने पहले नगर निगम के पुलिस अधिकारियों पर हमला किया। इस दौरान उसे 'अल्लाहु अकबर' कहते हुए सुना गया। फ्रांस की राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी अभियोक्ता इकाई की ओर से भी यही जानकारी दी गई। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हमलावर को इस्लामी चरमपंथी करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार इस हमले का जवाब देने के लिए पूरी तरह दृढ़ संकल्प है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुलहाउस की मेयर मिशेल लुट्ज ने फेसबुक पोस्ट में कहा, 'हमारे शहर में आतंकी घटना हुई है।' उन्होंने कहा कि चाकू से किए गए हमले की जांच आतंकी अटैक के रूप में की जा रही है, लेकिन न्यायपालिका की ओर से इसकी पुष्टि की जानी बाकी है।
बर्लिन के होलोकॉस्ट मेमोरियल में चाकूबाजी
इससे पहले, शुक्रवार को जर्मनी में बर्लिन के होलोकॉस्ट मेमोरियल में चाकूबाजी हुई थी। इस हमले में स्पेन का एक पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि हमला स्थानीय समयानुसार शाम करीब छह बजे हुआ। पीड़ित को आपातकालीन उपचार के लिए अग्निशमन दल की ओर से अस्पताल ले जाया गया। घटना के गवाह कई लोगों की सहायता के लिए आपातकालीन कर्मचारी घटनास्थल पर मौजूद थे। अधिकारियों ने हमले के बाद शहर के केंद्र में स्थित स्थल की घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया। जर्मन अखबार टैग्सपीगल के अनुसार पीड़ित को किसी नुकीली चीज से चोटें आई हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।