यु्द्धविराम के बाद हमास ने इजरायल को सौंपे पहले तीन बंधक, जानें कौन हैं रिहा होने वाली महिलाएं
- गाजा में युद्धविराम के बाद हमास ने समझौते की शर्तों को मानते हुए पहले तीन बंधकों को रिहा कर दिया है। हमास ने तीन महिलाओं को रेड क्रॉस को सौंपा है।

इजरायल और हमास के बीच सीजफायर के समझौते के बाद हमास ने पहली तीन बंधकों को रेड क्रॉस को सौंप दिया है। अब उन्हें इजरायल ले जाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक पहले रिहा की गई तीनों बंधक महिलाएं हैं। बता दें कि युद्धविराम पर सहमति के बाद 15 महीन से चल रहा भीषण युद्ध खत्म हो गया है। हालांकि हमास की तरफ से रिहा किए जाने वाले बंधकों की लिस्ट सौंपने में देरी की वजह से सीजफायर में देरी हो गई। ऐसे में सुबह भी इजरायली सेना ने हमला किया जिसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई थी।
कौन हैं मुक्त की गईं महिलाएं
बंधकों को रिहा किए जाने का सीधा प्रसारण भी टीवी पर किया गया। रिहा की जाने वाली महिला बंधकों के नाम रोमी गोनेन, डोरोन स्टीनब्रेचर और एमिली दमारी हैं। 24 साल की रोमी गोनेन इजरायल के केफर व्रादिम की रहने वाली हैं। उन्हें घूमना-फिरना और डांस करना पसंद है। 7 अक्टूबर को उन्हें नोवा फेस्टिवल से ही हमास के आतंकियों ने अगवा कर लिया था। दूसरी महिला डोरोन स्टीनब्रेचर कफर गाजा की रहने वाली हैं। वह एक वेटनरी नर्स हैं। उन्हें जानवरों से काफी प्रेम है। किबुत्ज से उन्हें अगवा कर लिया गया था। वह सुबह वहां दौड़ने के लिए जाती थीं। तीसरी महिला एमिली दमारी एक ब्रिटिश नागरिक हैं। वह इस समय कफर गाजा में रह रही थीं। उनकी कई दोस्तों को भी अगवा कर लिया गया था।
बता दें कि समझौते के पहले चरण के तहत 42 दिनों तक सीजफायर रहेगा। इस दौरान हमास की तरफ से 33 बंधक रिहा किए जाएंगे। इनमें महिलाएं और बच्चों के साथ 50 साल के ऊपर के लोग हैं। इजराइली मीडिया की खबरों में कहा गया है कि सेना ने तीनों बंधकों की मांओं को गाजा सीमा के पास एक सैन्य शिविर में मुलाकात स्थल पर आने के लिए कहा है।
समझौते के गारंटर कतर, मिस्र और अमेरिका हैं, जो काहिरा में एक समन्वय केंद्र बनाएंगे। युद्धविराम के 16वें दिन, इजरायल और हमास ने समझौते के दूसरे चरण पर बातचीत शुरू करने के लिए प्रतिबद्धता जताई, जिसमें संभवतः शेष बंधकों की रिहाई, एक स्थायी युद्धविराम और पूर्ण इज़राइली वापसी शामिल होगी। शांति प्रक्रिया के गारंटर तीसरे चरण के बारे में भी बात कर रहे हैं, जिसमें अवशेषों का आदान-प्रदान, गाजा पट्टी का पुनर्निर्माण और इसकी नाकाबंदी को समाप्त करना शामिल होगा। (वार्ता से इनपुट्स के साथ)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।