Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़Congress made so many promises to people of Himachal how they be fulfilled Sukhu and Priyanka say

हिमाचल की जनता से कांग्रेस ने किये हैं कितने वादे, कैसे होंगे पूरे, क्या बोले सुक्खू और प्रियंका, सब जानिए

हिमाचल प्रदेश की जनता से कांग्रेस ने बड़े बड़े वादे किए हैं। कांग्रेस की सरकार इन वादों को कैसे पूरा करेगी, यह एक बड़ा सवाल है। कांग्रेस के नेताओं ने इस बारे में क्या कहा इस रिपोर्ट में जानिए....

Krishna Bihari Singh लाइव हिंदुस्तान, शिमलाSun, 11 Dec 2022 09:55 AM
share Share

कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान अपने घोषणा पत्र में बड़े बड़े वादे किए थे। कांग्रेस नेता एवं चार बार के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को यहां एक समारोह में हिमाचल प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। समारोह में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। अब मौजूदा सरकार की जिम्मेदारी जनता से किए वादों को पूरा करने की होगी। इस मसले पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा- हम सभी बहुत खुश हैं। हमने चुनावों के दौरान जो भी वादे किये, हम उसे जल्द से जल्द पूरा करना चाहते हैं। एक नजर कांग्रेस के उन वादों पर जिसे उसने हिमाचल की जनता से किए हैं। 

सुक्खू बोले- कौन सी गारंटी योजना पहले की जाएगी जल्द होगा तय 
वहीं शपथ ग्रहण समारोह के बाद  हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कैबिनेट के विस्तार के बाद यह तय किया जाएगा कि कौन सी गारंटी योजना पहले की जाएगी। हमारी सरकार ने 10 गारंटी योजनाएं दी हैं। हमारी सरकार इन सभी योजनाओं को लागू करेगी। हाल ही में वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने कहा था की पार्टी पूरी तरह एकजुट है और सभी नेताओं का फोकस उन वादों को पूरा करने पर है जिन्हें जनता से किया गया है। 

कांग्रेस की 10 गारंटी 
1. पुरानी पेंशन होगी बहाल
2. युवाओं के लिए 5 लाख रोजगार 
3. महिलाओं के लिए हर महीने 1500 रुपये 
4. 300 यूनिट बिजली फ्री 
5. फलों की कीमत बागवान तय करेंगे  
6. युवाओं के लिए 680 करोड़ का स्टार्ट-अप फंड 
7. हर विधानसभा में खुलेंगे 4 अंग्रेजी मीडियम स्कूल 
8. मोबाइल क्लीनिक से हर गांव में होगा मुफ्त इलाज  
9. पशुपालकों से हर दिन खरीदेंगे 10 लीटर दूध 
10. 2 रुपये में होगी गोबर खरीदी

बुजुर्गों को मुफ्त तीर्थयात्रा, पुजारियों का वेतन दोगुना करने की बात 
इसके अलावा कांग्रेस के घोषणापत्र में 'देवस्थान और तीर्थ यात्रा' शीर्षक वाला एक अलग खंड शामिल था। इस खंड में कांग्रेस ने सूबे के बुजुर्गों के लिए किसी भी तीर्थस्थल के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा की बात कही थी। कांग्रेस ने राज्य समर्थित मंदिरों में वार्षिक मदद को दोगुना करने के साथ ही मंदिर के पुजारियों के वेतन को दोगुना करने का वादा किया था। यही नहीं धार्मिक पर्यटन को मजबूत करने के लिए पर्यटन सर्किट और सूबे के मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए विशेष बजट देने की बात कही थी। प्रियंका ने एक जनसभा में यह भी कहा था कि कांग्रेस ड्रग्स की तस्करी पर लगाम लगाएगी। उनकी सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोलेगी। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें