Notification Icon
Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़snowfall on peaks of himachal pradesh shimla manali became cool rain alert imd update

हिमाचल की चोटियों पर बर्फबारी, शिमला-मनाली हुआ कूल-कूल; बारिश को लेकर भी अलर्ट

  • किन्नौर और लाहौल-स्पीति के अलावा चम्बा व कुल्लू की पर्वत श्रंखलाओं पर भी ताजा हिमपात हुआ है। शिमला, मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर, चम्बा और कुल्लू जिलों में गुरूवार सुबह से बारिश हो रही है।

Devesh Mishra लाइव हिन्दुस्तान, शिमलाThu, 19 Sep 2024 05:54 AM
share Share

हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में सितंबर के महीने में ही ठंड का असर शुरू हो गया है। पर्यटन स्थलों शिमला, मनाली और डल्हौजी का मौसम कूल-कूल हो गया है। लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। राज्य की ऊंची चोटियों पर हो रही बर्फबारी से तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ी है। राजधानी शिमला में पिछले तीन दिनों से मौसम ठंडा बना हुआ है और अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है।

हिमाचल की चोटियों पर बर्फबारी

किन्नौर और लाहौल-स्पीति के अलावा चम्बा व कुल्लू की पर्वत श्रंखलाओं पर भी ताजा हिमपात हुआ है। शिमला, मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर, चम्बा और कुल्लू जिलों में गुरूवार सुबह से बारिश हो रही है।

कई जिलों में बारिश का अलर्ट, 25 सितंबर तक खराब रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने आज (गुरुवार) कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ में मेघ गर्जना व आसमानी बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। 20 से 25 सितंबर तक मॉनसून की सक्रियता से मौसम के खराब रहने के आसार हैं। 25 सितंबर को भी मैदानी व मध्यपर्वतीय इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। राज्य में अब तक मॉनसून की सामान्य से 18 फीसदी कम वर्षा हुई है। मॉनसून ने बीते 27 जून को दस्तक दी थी। मॉनसून का अक्टूबर के पहले हफ्ते राज्य से विदा होने का अनुमान है।

कहां कितनी बारिश

बीते 24 घण्टों में किन्नौर के कल्पा में सबसे ज्यादा 30 मिमी वर्षा हुईं। इसके अलावा सांगला में 27, निचार में 19, मोरंग में 15, चौपाल में 11, सराहन में नौ, भरमौर में आठ और केलंग में तीन मिमी वर्षा रिकार्ड हुई है। ताबो राज्य का सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। इसी तरह कुकुमसेरी में 8.3 डिग्री, केलंग में 8.4, कल्पा में 9.5, समधो में 10.2, मशोबरा में 13.1, मनाली में 14.2, शिमला व डल्हौजी में 14.4, भरमौर में 14.6, सराहन में 14.8 और कसौली में 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

किन्नौर में बर्फबारी का सेब सीजन पर असर

इस हिमपात से किन्नौर के पर्यटन स्थल कल्पा, छितकुल, सांगला व रोपा वेली नाको आदि क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई है। किन्नौर में इन दिनों सेब सीजन चल रहा है। ठंड के चलते बागवानों को सेब तुडान को लेकर काफी दिक्कतें आ रही हैं। बेमौसमी बारिश व बर्फबारी का किन्नौर में फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

रिपोर्ट: यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें