Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़jungli murga kisne khaya bjp angry on fir protest against cm sukhu in himachal vidhansabha

जंगली मुर्गा किसने खाया; FIR पर भड़की भाजपा, हिमाचल विधानसभा में CM सुक्खू के खिलाफ प्रदर्शन

हिमाचल प्रदेश में जंगली मुर्गे का विवाद गहरा गया है। शिमला पुलिस ने मुख्यमंत्री का फर्जी डिनर मेन्यू सोशल मीडिया में वायरल करने पर छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जिसमें बीजेपी विधायक सुधीर शर्मा का भी नाम शामिल है।

Sneha Baluni लाइव हिन्दुस्तान, शिमलाThu, 19 Dec 2024 01:22 PM
share Share
Follow Us on
जंगली मुर्गा किसने खाया; FIR पर भड़की भाजपा, हिमाचल विधानसभा में CM सुक्खू के खिलाफ प्रदर्शन

हिमाचल प्रदेश में जंगली मुर्गे का विवाद गहरा गया है। विपक्षी दल भाजपा ने इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपना लिया है। भाजपा का दावा है कि शिमला जिला के चौपाल उपमंडल के दूरदराज क्षेत्र कुपवी के टिक्कर गांव में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के रात्रि भोज में कथित तौर पर मुर्गा परोसा गया। शिमला पुलिस ने मुख्यमंत्री का फर्जी डिनर मेन्यू सोशल मीडिया में वायरल करने पर छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा को भी एफआईआर में नामजद किया गया है। इस मामले को लेकर विपक्षी दल भाजपा के विधायकों ने धर्मशाला में चल रहे शीतकालीन सत्र के दौरान गुरूवार को अनोखा प्रदर्शन किया।

विधानसभा सत्र की दूसरी बैठक में सदन से जाने से पहले विपक्षी दल भाजपा के विधायकों ने जंगली मुर्गे के पोस्टर हाथ में लहराते हुए प्रदर्शन किया और सरकार पर निशाना साधा। भाजपा ने कहा कि जंगली मुर्गे का शिकार करना गैर कानूनी है और सरकार को मुर्गा मारने और खाने वालों पर एफआईआर करनी चाहिए थी लेकिन सरकार ने उल्टा भाजपा के एक विधायक और मीडिया पर एफआईआर की जिन्होंने इस मामले को उजागर किया जो सरकार गलत है।

जयराम ठाकुर ने प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जंगली मुर्गा वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट में आता है। ऐसे में जिन लोगों ने जंगली मुर्गे का शिकार किया उन पर सरकार को कारवाई करनी चाहिए थी। लेकिन सरकार ने भाजपा विधायक सुधीर शर्मा और मीडिया के लोगों व संस्थानों पर एफआईआर दर्ज की है जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार तुरंत एफआईआर को रद्द करें और दोषी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करें। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पत्रकारों की आवाज को दबाने का काम कर रही है जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा इस मामले को सदन के भीतर भी प्रमुखता से उठाएगी।

भाजपा विधायक समेत छह लोगों पर एफआईआर

शिमला की कुपवी पुलिस ने जंगली मुर्गे से संबंधित विवाद में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जिसमें मीडिया कर्मी भी शामिल हैं। कुपवी की कुलग पंचायत की प्रधान सुमन चौहान और नीटू परमार की शिकायत पर कुपवी पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 353 (2) और 356 के तहत यह एफआईआर दर्ज की गई है।

प्रधान सुमन चौहान ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया पर कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री के डिनर का एक फर्जी मेन्यू शेयर किया। जिससे क्षेत्र के पारंपरिक भोजन और संस्कृति को नुकसान पहुंचा है। 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री कुपवी के दौरे के दौरान टिक्कर गांव में ठहरे थे। जहां उनके लिए पारंपरिक भोजन तैयार किया गया था। लेकिन इस दौरान एक झूठा मेन्यू वायरल हुआ। जिसमें जंगली मुर्गे का जिक्र किया गया था। महिला प्रधान ने बताया कि जंगली मुर्गा जिसको लेकर चर्चा हो रही है। वह इस क्षेत्र में पाया नहीं जाता।

रिपोर्ट: यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें