Notification Icon
Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़Himachal Pradesh weather forecast flash flood alert in 5 districts weather to remain bad till 12 september : IMD

Himachal Pradesh Weather : हिमाचल प्रदेश के 5 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट, 12 तक खराब रहेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश में मौसम के कड़े तेवर लगातार जारी हैं। आगामी 12 सितंबर तक राज्य में मौसम के खराब बने रहने के आसार हैं। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और चम्बा जिलों में शुक्रवार सुबह से वर्षा हो रही है, जबकि शिमला और सोलन में बादल छाए हुए हैं।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, शिमलाFri, 6 Sep 2024 05:22 AM
share Share

हिमाचल प्रदेश में मौसम के कड़े तेवर लगातार जारी हैं। मॉनसून की सक्रियता से राज्य के विभिन्न भागों में बादल बरस रहे हैं। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और चम्बा जिलों में शुक्रवार सुबह से वर्षा हो रही है, जबकि शिमला और सोलन में बादल छाए हुए हैं। गुरुवार रात कुछ स्थानों पर जोरदार बारिश हुई है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटे भी कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी दी है। साथ ही 5 जिलों में फ्लैश फ्लड के खतरे की आशंका जताई है। शिमला, सिरमौर, सोलन, मंडी और बिलासपुर जिलों में फ्लैश फ्लड का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी की ओर से इन जिलों में लोगों को शनिवार तक सचेत रहने और घरों से बाहर निकलने पर एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। लोगों को भूस्खलन संभावित इलाकों की यात्रा न करने और नदी-नालों से दूर रहने की हिदायत दी गई है। आगामी 12 सितंबर तक राज्य में मौसम के खराब बने रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, गुरूवार शाम से शुक्रवार सुबह तक बिलासपुर जिला के नैना देवी में सर्वाधिक 158 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई है। इसके अलावा ओलिंडा में 69, देहरा गोपीपुर में 64, आरएल बीबीएमबी में 57, धर्मशाला में 55 और पालमपुर में 32 मिमी वर्षा हुई।

भूस्खलन से 40 सड़कों पर थमी आवाजाही

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक राज्य में भूस्खलन से 40 सड़कें अवरुद्ध रहीं। मंडी जिला में 16, कांगड़ा में 10, शिमला में नौ, और कुल्लू में दो सड़कें बंद हैं। इसके अलावा चम्बा में 26 और कुल्लु में छह ट्रांसफार्मर भी खराब पड़े हैं।

मॉनसून से 1330 करोड़ का नुकसान 

हिमाचल प्रदेश में मॉनसून ने 27 जून को दस्तक दी थी। पिछले 71 दिनों में मॉनसून ने भारी तबाही मचाई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, इस अवधि में प्रदेश भर में चल व अचल सम्पति को 1330 करोड़ का नुकसान आंका गया है। सड़कों व पुलों के क्षतिग्रस्त होने से लोक निर्माण विभाग को 617 करोड़ रुपये की क्षति हुई, जबकि जल शक्ति विभाग को 507 करोड़ का नुकसान हुआ। इस दौरान 180 घर, 58 दुकानें और 482 पशुशालाएं पूरी तरह ध्वस्त हो गईं, जबकि 510 घर आंशिक तौर पर क्षतिग्रस्त हुए। मॉनसून के दौरान वर्षा जनित हादसों में 285 लोग मारे गए और 30 लापता हैं, जबकि 441 लोग घायल हुए हैं। मॉनसूनी हादसों में 322 मवेशियों की भी जान ली है।

मॉनसून सीजन के 71 दिनों में 91 जगह बादल फटने, बाढ़ व भूस्खलन की घटनाएं हुईं। इनमें बादल फटने व बाढ़ की 51 और भूस्खलन की 41 घटनाएं शामिल हैं। 31 जुलाई की मध्यरात्रि शिमला, कुल्लू और मंडी जिलों में बादल फटने से भारी तबाही हुई थी। बाढ़ ने शिमला जिला के समेज गांव का नामोनिशान मिटा दिया था। गांव के 36 लोग लापता हो गए थे। दिल दहला देने वाले इस हादसे में 21 के शव बरामद कर लिए गए हैं और 15 अभी भी लापता हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें