हरियाणा: भाजपा ने जारी की मेयर प्रत्याशियों की सूची, ऊषा प्रियदर्शी का टिकट कटा
- गुरुग्राम से भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी का टिकट कट गया और उनके स्थान पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महिला मोर्चा राजरानी मल्होत्रा को गुरुग्राम से टिकट दे दिया गया।

नगर निगमों के चुनाव के लिए हरियाणा भाजपा ने आज मेयर पद के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी थी लेकिन महज 10 मिनट के अंदर इसे वापस ले लिया था। देर शाम भाजपा हाईकमान की स्वीकृति के बाद संशोधित सूची जारी हुई, जिसमें 8 प्रत्याशी पुरानी सूची वाले ही हैं जबकि गुरुग्राम से भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी का टिकट कट गया और उनके स्थान पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महिला मोर्चा राजरानी मल्होत्रा को गुरुग्राम से टिकट दे दिया गया।
पहले जारी की गई सूची को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। यह वह सूची थी, जो भाजपा कोर कमेटी और प्रदेश चुनाव समिति की बैठकों में तैयार की गई थी। यह सूची हाईकमान के पास मंजूरी के लिए भेजी गई थी, मगर मंजूर होने से पहले ही जारी हो गई। भाजपा के केंद्रीय मीडिया कार्यालय द्वारा जारी यह सूची हरियाणा के मीडिया प्रभारियों तक पहुंच गई और उन्होंने इस सूची को हाईकमान से मंजूर मानते हुए मीडिया पर जारी कर दिया। इसमें शामिल मेयर पद के उम्मीदवारों और उनके समर्थकों ने मिठाई तक बंटवा दी थी।
भाजपा को जब अपनी इस गलती का पता चला तो प्रचारित की गई मेयर उम्मीदवारों की सूची को 10 मिनट के भीतर ही वापस ले लिया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि इस पर प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के हस्ताक्षर ठीक नहीं थे, इसलिए दोबारा से संशोधित सूची जारी की जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वहां उनकी प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पुनिया और प्रदेश संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा के साथ चर्चा के बाद भाजपा के केंद्रीय नेताओं से मुलाकात हुई। उसके बाद नई संशोधित सूची जारी हो गई।
8 प्रत्याशी पहले जारी हुई सूची वाले ही
भाजपा ने मानेसर नगर निगम को छोड़ कर 9 नगर निगमों के मेयर पद के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। इस सूची में सोनीपत व अम्बाला नगर निगमों के मेयर पद के प्रत्याशियों के नाम भी शामिल हैं। इन दोनों निगमों में मेयर के उपचुनाव होने हैं। नौ प्रत्याशियों की सूची में 6 महिलाओं को टिकट दिए गए हैं। इनमें भी दो टिकट महिला मोर्चा को दी गई हैं। भाजपा ने पहले जारी सूची में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी को टिकट दी थी लेकिन संशोधित सूची के बाद उनके स्थान पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिण सदस्य राजरानी मल्होत्रा को गुरुग्राम से मेयर पद के लिए चुनावी मैदान में उतारा है। संशोधित सूची में 8 प्रत्याशी पहले जारी हुई सूची वाले ही हैं।
कहां से किसे टिकट
फरीदाबाद नगर निगम के लिए हरियाणा बाल कल्याण आयोग की चेयरपर्सन प्रवीन जोशी को, सोनीपत नगर निगम में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन को उपचुनाव में प्रत्याशी घोषित किया गया है। अम्बाला नगर निगम के लिए महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सैलजा सचदेवा को उपचुनाव में प्रत्याशी घोषित किया गया है। प्रवीन पोपली को हिसार, करनाल नगर निगम से पूर्व मेयर रेणु बाला गुप्ता को दोबारा, पानीपत से प्रदेश ओ.बी.सी. मोर्चा की सचिव कोमल सैनी, रोहतक नगर निगम से भाजपा एस.सी. मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामअवतार वाल्मीकि, एस.सी. मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या सुमन बहमनी को यमुनानगर नगर निगम से चुनाव मैदान में उतारा है।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।