Notification Icon
Hindi Newsहरियाणा न्यूज़Haryana assembly election JJP ties up with Bhim Army Chandrashekhar Azad party

ह​रियाणा में नया गठबंधन, ASP से मिलकर चुनाव लड़ेगी JJP, कैसे जाट-दलित कर सकते हैं खेला?

  • दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेजेपी और एएसपी मजबूती से मिलकर 90 सीटों पर लड़ेंगे और जीतेंगे। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन 36 बिरादरी को एक साथ लेकर हरियाणा में युवा सरकार बनाएगा।

Niteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान, मोनी देवीTue, 27 Aug 2024 02:12 PM
share Share

हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले नया गठबंधन सामने आया है। आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावनाओं पर विराम लगने के बाद दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (JJP) अब आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। दोनों पार्टियों में टिकट को लेकर बटंवारा भी हो गया है। जजपा 70 और एएसपी 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हरियाणा में चुनाव की तारीखें घोषित होने के बाद हुए इस गठबंधन को बेहद अहम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, जाट और दलित का यह गठबंधन हरियाणा में बड़ा खेला कर सकता है। ऐसा भी हो सकता है कि जजपा एक बार फिर से किंगमेकर की भूमिका निभाते दिखे। 

मंगलवार को इस गठबंधन की घोषणा दिल्ली में जजपा और एएसपी की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और एसएसपी प्रमुख व सांसद चंद्रशेखर आजाद ने की। दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह गठबंधन हरियाणा को मजबूती से आगे लेकर जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों मिलकर गरीब, किसान, कमेरे वर्ग की लड़ाई को लड़ेंगे और देवीलाल व कांशीराम के सपनों को साकार करेंगे।

युवा मतदाताओं पर दोनों नेता कर रहे फोकस 

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जजपा और एएसपी ने गठबंधन करके हरियाणा को आगे ले जाने की नींव रख दी है। मजबूती से दोनों संगठन मिलकर 90 सीटों पर लड़ेंगे और जीतेंगे। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यह गठबंधन 36 बिरादरी को एक साथ लेकर हरियाणा में युवा सरकार बनाएगा। दुष्यंत चौटाला ने यह भी कहा कि वे और चंद्रशेखर आजाद 36 वर्ष के हैं और अगले 40-50 साल तक हरियाणा के लिए काम करेंगे। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज हरियाणा की जनता भाजपा को उखाड़ फेंकना चाहती है। जजपा ने भी स्पष्ट कर दिया कि वे भाजपा के साथ दोबारा नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि जजपा ने हरियाणा को स्थिर सरकार देने के लिए गठबंधन सरकार बनाने का निर्णय लिया था। जजपा ने कभी भी किसान आंदोलन का विरोध नहीं किया। न ही जजपा कृषि कानूनों के समर्थन में थी, बल्कि जजपा कार्यकर्ता ने तो आंदोलनकारियों का सहयोग किया।

गठबंधन एक और एक 11 की ताकत: चंद्रशेखर

एएसपी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जजपा और एएसपी का गठबंधन एक और एक ग्यारह की ताकत है। दोनों दल आज से ही धरातल पर उतरकर एक नया इंकलाब खड़ा करेंगे। चंद्रशेखर ने कहा कि किसान-कमेरे की आवाज मजबूत करने वाले हम सब एकजुट होंगे और नई शक्तियां भी हमारे साथ जुड़ेगी, ताकि हम इस लड़ाई को तेजी से आगे बढ़ा सके। किसानों को नुकसान पहुंचाने वाली भाजपा से हमारी लड़ाई रहेगी। चंद्रशेखर ने कहा कि दिल्ली में संत रविदास का मंदिर टूटने के बाद दुष्यंत चौटाला ने कुरुक्षेत्र में 5 एकड़ में मंदिर बनवाने पर काम किया है। हमारे दोनों की विचारधारा एक जैसी है।

BJP से गठबंधन टूटने पर JJP की बढ़ीं मुश्किलें

साल 2019 के विधानसभा चुनाव में किंगमेकर रही जजपा अब वजूद बचाने के प्रयास में है। साढ़े चार साल सत्ता में भागीदार रहने के बाद भाजपा से उसका गठबंधन टूट गया। एक-एक कर के उसके 6 विधायक पार्टी छोड़ चुके हैं। रामकुमार गौतम भी पार्टी छोड़ सकते हैं। हरियाणा में किसान आंदोलन के दौरान जजपा को भाजपा का साथ छोड़ने की किसानों ने मांग की थी, लेकिन पार्टी गठबंधन में बनी रही। इसका नुकसान लोकसभा चुनाव में देखने को मिला था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें