Notification Icon
Hindi Newsहरियाणा न्यूज़haryana assembly election BJP announces manifesto committee command to Dhankhar

हरियाणा में चुनावी हलचल तेज; भाजपा ने बनाई घोषणापत्र कमेटी, इस दिग्गज नेता को मिली कमान

  • इस कमेटी में 14 सदस्यों को शामिल किया गया है। ये लोग विभिन्न वर्गों के साथ बैठकें कर और जनता से बातचीत के आधार पर 1 अक्टूबर को हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी करेंगे।

Niteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान, मोनी देवीMon, 19 Aug 2024 04:55 PM
share Share

हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही राजनीतिक दल एक्शन में आ गए हैं। रविवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली ने प्रदेश चुनाव घोषणा पत्र कमेटी की घोषणा कर दी। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ को भाजपा की प्रदेश चुनाव घोषणापत्र कमेटी का प्रमुख बनाया गया है। इस कमेटी में 14 सदस्यों को शामिल किया गया है। ये लोग विभिन्न वर्गों के साथ बैठकें कर और जनता से बातचीत के आधार पर 1 अक्टूबर को हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी करेंगे। साल 2019 का चुनाव घोषणा पत्र भी ओमप्रकाश धनखड़ के नेतृत्व वाली कमेटी ने ही बनाया था, जिसमें उनके अलावा 8 सदस्य थे।

भाजपा की चुनाव घोषणापत्र कमेटी में पूर्व उद्योग मंत्री विपुल गोयल, राज्यसभा सदस्य कृष्णलाल पंवार, पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, विधानसभा के उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष वेदपाल एडवोकेट, पूर्व मंत्री किरण चौधरी, आदमपुर के विधायक भव्य बिश्नोई, सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, सीएम के पूर्व ओएसडी भूपेश्वर दयाल, भाजपा एससी मोर्चा के अध्यक्ष व पटौदी के विधायक सत्य प्रकाश जरावता, सिंचाई एवं जल संसाधन राज्य मंत्री अभय सिंह यादव और भाजपा मीडिया विभाग के पूर्व प्रमुख संजय शर्मा को शामिल किया गया है। इनके अलावा, भाजपा नेता मदन गोयल, रोजी मलिक आनंद भी चुनाव घोषणापत्र कमेटी के सदस्य होंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हुए विकास कार्यों के आधार पर हरियाणा-नॉन स्टॉप हरियाणा अभियान शुरू किया है। भाजपा के चुनाव घोषणापत्र का नाम भी नॉन स्टॉप हरियाणा के ईदगिर्द रह सकता है।

हरियाणा भाजपा ने बुलाई चुनाव समिति की बैठक, टिकटों पर होगा मंथन

वहीं, भाजपा ने चुनाव समिति की एक अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक 22 अगस्त को गुरुग्राम में होगी। इसमें हरियाणा भाजपा के सभी दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में टिकट वितरण पर मंथन होगा। पार्टी 26 अगस्त को टिकटों की पहली सूची जारी कर सकती है। पहली सूची में उन सीटों और उम्मीदवारों को जगह दी जाएगी, जहां भाजपा मजबूत स्थिति में है और जो जिताऊ व मजबूत उम्मीदवार हैं। पहली सूची में लगभग 20 से 25 टिकट जारी किए जाएंगे। बड़ी संख्या में विधायकों के टिकट भी काटे जा सकते हैं। इस मीटिंग में मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत, कृष्णपाल गुर्जर, सुधा यादव, ओमप्रकाश धनखड़, ज्ञानचंद गुप्ता, अनिल विज, रामबिलास शर्मा और जेपी दलाल शामिल होंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें