Notification Icon
Hindi Newsहरियाणा न्यूज़Haryana Assembly Election AAP chief Sushil Gupta says you will get to see second list

दूसरी लिस्ट भी आ रही है; 20 नामों का किया ऐलान, कांग्रेस को और टेंशन देगी AAP

  • हरियाणा में आप-कांग्रेस गठबंधन के सवाल पर सुशील गुप्ता ने कहा, ‘आम आदमी पार्टी व्यवस्था परिवर्तन को लेकर राजनीतिक लड़ाई लड़ रही है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे धैर्य के साथ मैदान में डटे हुए हैं।’

Niteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तानMon, 9 Sep 2024 12:09 PM
share Share

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने 20 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस तरह, राज्य में कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन की अटकलों पर विराम लग गया है। AAP हरियाणा प्रमुख सुशील गुप्ता ने पार्टी की ओर से कैंडिडेट घोषित करने को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, 'आप पार्टी पूरी मुस्तैदी के साथ चुनाव लड़ रही है। AAP पार्टी ने 20 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी की है। शाम तक दूसरी लिस्ट देखने को मिलेगी। अभी नामांकन में केवल 3 दिन बचे हैं। 3 दिनों के अंदर सभी उम्मीदवारों को पंक्तिबद्ध करना है। हमारे एक-एक सीट पर कई उम्मीदवार हैं।' उन्होंने कहा कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी एक अच्छा और मजबूत विकल्प है। मैं आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में नहीं पड़ना चाहता।

हरियाणा में AAP ने उतारे 20 कैंडिडेट, कांग्रेस से नहीं बनी गठबंधन पर बात

हरियाणा में आप-कांग्रेस गठबंधन के सवाल पर सुशील गुप्ता ने कहा, 'आम आदमी पार्टी व्यवस्था परिवर्तन को लेकर राजनीतिक लड़ाई लड़ रही है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे धैर्य के साथ मैदान में डटे हुए हैं। हमने पहले अपना धैर्य दिखाया और उसके बाद ही प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की गई। मुझे लगता है कि नतीजे हरियाणा के लिए सकारात्मक होंगे और भाजपा को हरियाणा से हटा दिया जाएगा।' मालूम हो कि हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 12 सितंबर है। राज्य में मतदान 5 अक्टूबर को होगा। मतगणना 8 अक्टूबर को होगी।

आप-कांग्रेस के बीच क्यों नहीं हुआ गठबंधन

बता दें कि AAP ने हरियाणा इकाई के उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा को कलायत से और इंदु शर्मा को भिवानी से मैदान में उतारा है। विकास नेहरा को महम से और बिजेंद्र हुड्डा को रोहतक से टिकट दिया है। आम आदमी पार्टी राज्य में संभावित गठबंधन के लिए कांग्रेस के साथ बातचीत कर रही थी। हालांकि, आप कितनी सीट पर चुनाव पर लड़ेगी, इसको लेकर बातचीत अटक गई है। सूत्रों के अनुसार, अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी 10 सीट की मांग कर रही है, जबकि कांग्रेस 5 सीट की पेशकश कर रही है। इससे पहले, आप की हरियाणा इकाई के प्रमुख सुशील गुप्ता ने कहा था कि अगर शाम तक समझौता नहीं हुआ, तो उनकी पार्टी सभी 90 सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम जारी कर देगी।

AAP के सीनियर नेता संजय सिंह ने कहा था, 'सुशील गुप्ता और महासचिव संदीप पाठक समेत पार्टी नेताओं ने पहले ही कहा था कि उम्मीदवारों के नाम को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। जैसे ही पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मंजूरी मिलेगी, पार्टी चुनाव लड़ने को तैयार रहेगी।' सिंह ने गुप्ता की बात को दोहराते हुए कहा कि चूंकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 12 सितंबर है, इसलिए अब ज्यादा समय नहीं बचा है। संभावित गठबंधन को लेकर आप के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा कांग्रेस नेताओं के साथ बातचीत कर रहे थे। उन्होंने रविवार को कहा कि दोनों पार्टियां अपनी व्यक्तिगत आकांक्षाओं को परे रखते हुए हरियाणा चुनाव के लिए गठबंधन करने की कोशिश कर रही हैं। चड्ढा ने कहा था कि दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर आम सहमति नहीं बन पाई है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें